इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन सोशल मीडिया पर कुछ ज्यादा ही सक्रिय रहते हैं। खासकर, भारत के मामले में तो वो और ज्यादा सजग रहते हैं। ऐसा कहा जाता है कि पीटरसन को भारत से बहुत लगाव है। ताजा मामला यह है कि पीटरसन ने सोशल मीडिया पर कोरोना के खिलाफ जंग में भारत के सहयोग की तारीफ की है। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके (पीटरसन) ट्वीट का बहुत सुंदर जवाब दिया है।
दरअसल, हुआ यूं कि भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने एक फरवरी को ट्विटर पर एक तस्वीर साझा की थी। इस ट्वीट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, 'भारत में बनीं वैक्सीन दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग में पहुंच गई।' एस जयशंकर के इस ट्वीट के जवाब में पीटरसन ने ट्वीट कर कहा, 'भारत की उदारता और दयालुता हर दिन बढ़ती जा रही है। प्यारा देश।'
भारत के लिए आपका प्यार देखकर अच्छा लगा- पीएम मोदी
वहीं, अब पीएम मोदी ने पीटरसन के इस ट्वीट की तारीफ की है। उन्होंने पीटरसन के ट्वीट के जवाब में लिखा, 'भारत के लिए आपका प्यार देखकर अच्छा लगा। हम मानते हैं कि पूरी दुनिया हमारा परिवार है और हम कोविड-19 के खिलाफ जंग में अपना रोल मजबूती से निभाना चाहते हैं।'