भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार स्मृति मंधाना आए दिनों सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। कभी अपनी बल्लेबाजी तो कभी अपने ग्लैमर से वह चर्चा में बनी रहती हैं। इस ओपनर बल्लेबाज ने अब तक टीम इंडिया के लिए छह टेस्ट, 80 वनडे और 125 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और सभी प्रारूपों को मिलाकर 6000 से ज्यादा रन बनाए हैं।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए टेस्ट मैच में मंधाना ने 74 और नाबाद 38 रन बनाए, जिससे भारत ने टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया पर अपनी पहली जीत दर्ज की। मंधाना हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' के एक एपिसोड में नजर आईं, जिसे 'बिग बी' अमिताभ बच्चन होस्ट करते हैं। उनके साथ ईशान किशन भी मौजूद रहे। हालांकि, यहां फैन ने मंधाना से एक ऐसा सवाल पूछा जो उन पर बाउंसर की तरह था, लेकिन उन्होंने इस सवाल का शानदार तरीके से जवाब दिया।
शो के दौरान एक फैन ने पूछा- स्मृति मैम। इंस्टाग्राम पर आपके बहुत सारे पुरुष फॉलोअर्स हैं। आप एक आदमी में क्या क्वालिटी पसंद करती हैं? यह सवाल सुनकर अमिताभ बच्चन और ईशान किशन भी हैरान रह गए। ईशान जहां अपनी हंसी नहीं रोक सके, वहीं अमिताभ ने उस फैन से पूछा- क्या आप शादीशुदा हैं? वहीं, ईशान किशन ने चुटकी लेते हुए कहा, (इस सवाल ने) 'टर्न कर दिया, सर।'
अमिताभ के सवाल पर फैन कहता है- नहीं सर। यही कारण है कि मैं पूछ रहा हूं। इसके बाद अमिताभ स्मृति की तरफ घूमते हैं और जवाब देने कहते हैं। भारत की स्टार क्रिकेटर कहती हैं- मुझे इस तरह के सवाल की उम्मीद नहीं थी। अच्छा लड़का हो यह बहुत महत्वपूर्ण है। उन्हें मेरे खेल का ख्याल रखना चाहिए और मुझे समझना चाहिए। ये दो खास गुण हैं जो उनमें होने चाहिए। क्योंकि एक लड़की होने के नाते मैं उसे इतना समय नहीं दे पाऊंगी। यह बात उसे समझनी चाहिए और उसे इसकी परवाह करनी चाहिए। ये ऐसी चीजें हैं जो सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। ये ऐसे गुण हैं जो मैं एक आदमी में देखूंगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर वनडे और टी20 में टीम की अगुआई करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उप कप्तान होंगी। टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन भारत ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार टेस्ट मैच जीतकर इतिहास रच दिया। भारत पहले 28 दिसंबर, 30 दिसंबर और दो जनवरी को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा। सभी मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। तीन टी20 मैच नवी मुंबई में पांच, सात और नौ जनवरी को खेले जाएंगे।