जम्मू-कश्मीर पर चल रही तमाम अटकलें, अफवाहें और कयासों पर अब विराम लग चुका है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली केन्द्र सरकार ने सोमवार को ऐतिहासिक फैसला लेते हुए जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया है। जम्मू-कश्मीर राज्य को दो भागों में बांट दिया गया है। जम्मू-कश्मीर अब केंद्र शासित प्रदेश होगा।
इस प्रदेश की अपनी विधायिका होगी, जबकि लद्दाख अब जम्मू-कश्मीर से अलग एक केंद्र शासित प्रदेश होगा। लद्दाख में विधानसभा नहीं होगी। इस ऐतिहासिक फैसले पर तमाम दिग्गज हस्तियों ने अपने विचार सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने भी इस बड़े फैसले के बाद अपनी खुशी ट्विटर पर जाहिर की है। गंभीर ने ट्विटर पर लिखा, 'जो कोई ना कर सका वो हमने कर दिखाया है। कश्मीर में भी अपना तिरंगा लहराया है।'