दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने दो टेस्ट मैचों के बैन के खिलाफ अपील की थी, जिसकी सुनवाई सोमवार को की जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
न्यूजीलैंड के सीनियर वकील माइकल हेरोन को न्यायिक आयुक्त नियुक्त किया गया है, जो टेलीकांफ्रेंस के जरिये मामले की सुनवाई करेंगे। उन्हें फैसला लेने के लिये 48 घंटे का समय दिया जायेगा यानी फैसला गुरुवार को
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुरू हो रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले आने की पूरी संभावना है।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज रबाडा पर
आईसीसी आचार संहिता के लेवल दो के उल्लंघन का आरोप है। पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान
स्टीव स्मिथ को आउट करने के बाद रबाडा ने स्मिथ को कंधे से मारा था, जिसे मैच रेफरी ने गलत करार दिया।
रबाडा के खाते में तीन डीमेरिट प्वाइंट जोड़े गए और 24 महीनों के अंतराल में उनके खाते में कुल 8 अंक हो गए। यही वजह रही कि रबाडा पर दो टेस्ट का प्रतिबंध लगाया गया। इसके अलावा रबाडा पर मैच फीस का 50 प्रतिशत का जुर्माना भी लगाया गया। मैच के बाद रबाडा ने अपनी गलती भी स्वीकार की थी।
दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भी रबाडा पर ऑस्ट्रेलिया के उप-कप्तान
डेविड वॉर्नर के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा। मैच के तीसरे दिन वॉर्नर को आउट करने के बाद रबाडा को उनके चेहरे के सामने जोर से चिल्लाते हुए देखे गया। इस मामले में भी उन्हे एक डीमेरिट अंक और मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।