टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर कृष्णामचारी श्रीकांत मौजूदा आईपीएल में रविचंद्रन अश्विन द्वारा की जा रही लेग स्पिन से संतुष्ट नहीं हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान अश्विन ने नए सीजन में नई ट्रिक्स अपनाई है, जिसका फायदा उनकी टीम को अब तक मिलता आया है।
श्रीकांत का मानना है कि अश्विन में काफी सकारात्मकता है। इसके साथ ही श्रीकांत ने अश्विन की सोच और मैच के दौरान फील्ड प्लेसमेंट की भी तारीफ की। हालांकि, श्रीकांत का मानना है कि अश्विन को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है और उन्हें लेग स्पिन का इस्तेमाल करने की भी जरूरत नहीं है। अश्विन के पास कई मिश्रण मौजूद है, जिससे वह बल्लेबाज को परेशान कर सकते हैं।
श्रीकांत ने टाइम्स ऑफ इंडिया में लिखे अपने कॉलम में कहा, 'अश्विन टीम का अच्छे से नेतृत्व कर रहे हैं। उनके बारे में कई सकारात्मकताएं हैं। वह सोच वाले क्रिकेटर हैं, लेकिन अपनी सोच को फील्ड पर अपनाना एक कला है और ऐसा प्रतीत होता है कि वह इसे बखूबी कर रहे हैं।'
श्रीकांत ने आगे कहा, 'मैं अश्विन की लेग स्पिन का फैन नहीं हूं। उनके पास एक ऑफ स्पिनर होने के नाते कई मिश्रण मौजूद हैं, जिससे वह बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। उनके रिकॉर्ड को देखते हुए मुझे नहीं लगता कि अश्विन को कुछ अतिरिक्त साबित करने की जरूरत है।'