इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट आगामी टी-20 विश्व कप टीम के लिए टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं। दरअसल, रूट ने बीबीसी के 'टेस्ट मैच स्पेशल' पर कहा, 'मेरे लिए सबसे अहम चीज यही है कि इंग्लैंड विश्व कप में अपनी सबसे मजबूत टीम के साथ जाए और हमें वहां जीतने का सर्वश्रेष्ठ मौका मिले और उम्मीद करता हूं कि मैं भी उस टीम का हिस्सा बन सकूं।' उन्होंने कहा, 'और अगर ऐसा नहीं होता तो मैं उन खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करूंगा क्योंकि 50 ओवर के विश्व कप में हमने जो हासिल किया, उसके बाद यह शानदार उपलब्धि होगी।'
टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक रूट ने कहा, 'निश्चित रूप से, मैं उस विश्व कप टीम का हिस्सा होना पसंद करूंगा, मुझे सभी तीनों प्रारूपों में खेलना पसंद हैं, हर किसी में अलग तरह की चुनौती होती है।' उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ वर्षों में मुझे टी-20 मैचों में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन मैं इस बात से वाकिफ हूं कि खिलाड़ी शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं, ये बेहतरीन खिलाड़ी हैं और ये अपने मौके के हकदार हैं।'
रूट ने कहा, 'जहां तक टी-20 की बात है तो अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं जितने ज्यादा रन बना सकूं, उतने बनाने की कोशिश करूंगा।' बता दें कि रूट ने 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पांच अर्धशतकों की मदद से 893 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 126.3 का रहा है।
भारत के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रही श्रृंखला के शुरूआती मैच में जब वह इंग्लैंड का नेतृत्व करेंगे तो यह उनका 100वां टेस्ट मैच होगा। फिलहाल उनका ध्यान चार मैचों की इस सीरीज पर लगा है लेकिन रूट ने टी-20 की अपनी महत्वकांक्षाओं को नहीं छोड़ा है। हालांकि वह इस बात को समझते हैं कि खेल के पारपंरिक प्रारूप में देश के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक के लिए यह इतना आसान नहीं होगा।