युवा जेमिमा रोड्रिग्स की ताबड़तोड़ 57 रन की पारी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में शनिवार को यहां श्रीलंका को पांच विकेट से शिकस्त देकर 2-0 की बढ़त कायम कर ली। सीरीज का दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने श्रीलंका को 20 ओवर में आठ विकेट पर 131 रन तक सीमित रखा। भारत ने इस लक्ष्य को 18.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। श्रीलंका के लिए शशिकला सिरिवर्धने ने 35 और नीलाक्षी डि सिल्वा ने 31 रन का योगदान दिया।
भारत की तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 19वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए दो सफलता हासिल की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए सीरीज के पहले मैच में 36 की पारी खेलने वाली जेमिमा ने शनिवार को 40 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।
उन्होंने हरमनप्रीत (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। पारी के 16वें ओवर में दोनों बल्लेबाजों को अटापट्टू ने पवेलियन (29 रन पर दो विकेट) भेजा। इसके बाद वेदा कृष्णामूर्ति (नाबाद11) और अनुजा पाटिल (नाबाद आठ) ने 19वें ओवर में जीत की औपचारिकता पूरी की।