दलीप ट्राफी से घरेलू सीजन की शुरुआत हो रही है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कई सितारे खेलते नजर आएंगे। दलीप ट्रॉफी की शुरुआत पांच सितंबर से होगी। बीसीसीआई ने शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों से घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा था, लेकिन जय शाह का कहना है कि कोहली और रोहित को इसलिए इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए जोर नहीं दिया गया जिससे चोटिल होने के जोखिम से बचा जा सके। उन्होंने साथ ही कहा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में हिस्सा नहीं लेते हैं।
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए जय शाह ने कहा, हम कोहली और रोहित जैसे खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी में खेलने के लिए जोर नहीं दे रहे। ऐसा करने पर चोटिल होने का जोखिम हो सकता है। अगर आपने ध्यान दिया है तो देखा होगा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी घरेलू टूर्नामेंट में नहीं खेलते हैं। हमें सम्मान के साथ खिलाड़ियों के साथ पेश आना है।