इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। बुमराह ने पहले टेस्ट में नौ विकेट लिए। इसके बाद दूसरे टेस्ट में मोहम्मद शमी के साथ नौवें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की जो भारत की जीत में निर्णायक साबित हुई। बुमराह के अलावा पुरुष कैटेगरी में इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट और पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी भी शामिल हैं।
वहीं, इंग्लैंड के लिए कप्तान रूट ने तीनों टेस्ट में शतक जड़े और टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे। अफरीदी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट में 18 विकेट लिए। दूसरे टेस्ट में उन्होंने दस विकेट चटकाए और यह कमाल करने वाले पाकिस्तान के चौथे सबसे युवा गेंदबाज बन गए।
उधर, महिला वर्ग में थाईलैंड की नत्ताया बूचाथाम, आयरलैंड की गैबी लुईस और ऐमियर रिचर्डसन को नॉमिनेट किया गया है। महिला क्रिकेट में नत्ताया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। उसकी बदौलत थाईलैड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती। आयरलैंड की लुईस और रिचर्डसन के शानदार खेल की मदद से उनकी टीम ने टी-20 विश्व कप यूरोप क्वालीफायर के चार में से तीन मैच जीते।