इंग्लैंड के घातक गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने टीम इंडिया के खिलाफ खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट में इतिहास रच दिया है। लॉर्ड्स के मैदान पर एंडरसन ने विकटों का शतक जड़ दिया है। एंडरसन इस मैदान पर 100 विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज बन गए हैं। यह उपलब्धि उन्होंने दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मुरली विजय को आउट करके हासिल की।
इससे पहले टीम इंडिया के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट चटकाते ही क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स में एंडरसन के विकेटों की संख्या 99 हो गई थी। लॉर्ड्स में एंडरसन ने अब तक कुल 23 मैचों की 45 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 100 विकेट चटकाए हैं।
इस मामले में जेम्स एंडरसन के बाद उनके जोड़ीदार स्टुअर्ट ब्रॉड हैं। ब्रॉड ने अब तक 21 मैचों में 79 विकेट झटके हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जेम्स एंडरसन पांचवें स्थान पर हैं। उनके नाम 140 टेस्ट में 549 विकेट हैं।
वह चौथे नंबर पर काबिज पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा (563) से सिर्फ 19 विकेट पीछे हैं। अगर वह आने वाले दिनों में मैक्ग्रा को पीछे छोड़ने में कामयाब हो जाते हैं तो वह दुनिया के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन जाएंगे।