भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के सबसे अहम गेंदबाज जैक लीच चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उनके बाएं घुटने में चोट लगी है। लीच टीम के सबसे अहम गेंदबाज इसलिए हैं, क्योंकि भारतीय पिचों में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। सीरीज के पहले टेस्ट में भी इंग्लैंड के लिए सभी विकेट (रन आउट को छोड़कर) स्पिन गेंदबाजों ने लिए थे। तेज गेंदबाजों को कोई विकेट नहीं मिला था। लीच टीम के सबसे अनुभवी स्पिनर हैं। इस वजह से उनका बाहर होना इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका है। पहले टेस्ट के दौरान भी वह चोटिल थे और सिर्फ दो विकेट ले पाए थे, लेकिन युवा गेंदबाजों की काफी मदद की थी।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने जैक लीच के बारे में बताया "वह दूसरे टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। बदकिस्मती से उन्हें जहां पर गेंद लगी थी, वहीं खून का थक्का जम गया है। यह हमारे लिए और उनके लिए काफी निराशाजनक बात है। हम रोज इसका निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन हमारी मेडिकल टीम इसकी निगरानी कर रही है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि यह बहुत गंभीर नहीं है, जो उन्हें लंबे समय तक मैदान से बाहर रखेगा।"
कब चोटिल हुए जैक लीच?
जैक लीच ने हैदराबाद टेस्ट की पहली पारी में 26 ओवर फेंके थे, लेकिन पहले दिन ज्यादा गेंदबाजी नहीं कर सके थे, क्योंकि इंग्लैंड के गेंदबाजी कोच जीतन पटेल ने कहा कि उनके घुटने में चोट लगी है। दूसरी पारी में उन्होंने केवल 10 ओवर फेंके, लेकिन उन्हें श्रेयस अय्यर का बड़ा विकेट मिला। बुधवार को, लीच को अंततः हार माननी पड़ी और वाइजैग में होने वाले टेस्ट मैच से वह बाहर हो चुके हैं। उन्होंने बुधवार को कोई अभ्यास भी नहीं किया।
लीच की अनुपस्थिति के कारण शोएब बशीर को दो फरवरी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका मिल सकता है। वीजा मुद्दों के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल पाने वाले बशीर भारत पहुंच चुके हैं और इंग्लैंड की टीम के साथ हैं।
इंग्लैंड ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पहला टेस्ट 28 रन से जीतकर भारत में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। टॉम हार्टले ने मैच में नौ विकेट लिए, जिसमें दूसरी पारी में सात विकेट भी शामिल थे। दूसरी पारी में मैच विजयी 196 रन बनाने के बाद ओली पोप ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।