इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग का दूसरा सत्र संयुक्त अरब अमीरात में खेला जा रहा है। 13 जून को पीएसएल का 20वां मैच इस्लामाबाद यूनाइटेड और लाहौर कलंदर्स के बीच खेला गया। रेड आर्मी ने इस मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखते हुए लाहौर कलंदर्स को 28 रनों से शिकस्त दी। इस्लामाबाद को मैच जिताने में आसिफ अली और मोहम्मद मूसा ने अहम किरदार निभाया।
अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहला विकेट उस समय गिर गया जब इस्लाबाद का खाता भी नहीं खुला था। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद रोहैल नजीर और कॉलिन मुनरो भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
एक वक्त इस्लामाबाद यूनाइटेड के 5 विकेट 20 रनों पर गिर गए थे। उसके बाद सातवें और और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए इफ्तिखार अहमद और आसिफ अली ने मोर्चा संभाला। इन दोनों खिलाड़ियों तेज-तर्राज बल्लेबाजी करते हुए 123 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से निकाल लिया। इफ्तिखार 49 रन बनाकर आउट हुए वहीं आसिफ ने 75 रनों की पारी खेली।
इन दोनों खिलाड़यों के प्रदर्शन के चलते इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 7 विकेट पर 152 रनों का स्कोर खड़ा किया। लाहौर कलंदर्स की ओर से जेम्स फॉकनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जबकि शाहीन शाह अफरीदी और हैरिस रऊफ को 2-2 विकेट मिले।
जीत के लिए 153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाहौर कलंदर्स की टीम ने अच्छी शुरुआत की। पारी का आगाज करने आए फखर जमां और सोहैल अख्तर ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। सोहैल 34 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद लाहौर कलंदर्स के गेंदबाजों ने बॉलिंग में करिश्मा करना शुरू किया। मोहम्मद मूसा ने शानदार अंदाज में गेंदबाजी करते हुए मध्यक्रम को तहस नहस कर दिया। लाहौर के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके। कलंदर्स के तीसरे सबसे टॉप स्कोरर हैरिस रऊफ रहे। वह 17 रन बनाकर आउट हुए।
इस्लामाबाद के गेंदबाजों के आगे लाहौर की पूरी टीम 18.2 ओवर में 124 रनों पर ढेर हो गई। मोहम्मद मूसा ने धारदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं 2 खिलाड़ियों को फवाद अहमद ने अपना शिकार बनाया। जबकि एक विकेक अली खान को मिला। 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले आसिफ अली को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।