आईपीएल 2022 अपने अंजाम तक पहुंचने वाला है। प्लेऑफ की चार टीमों का फैसला हो चुका है। गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम अंतिम चार में जगह बनाने में कामयाब रही। अब 24 मई से प्लेऑफ राउंड की शुरुआत होगी।
24 मई को पहले क्वालिफायर में गुजरात और राजस्थान की टीमें कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होंगी। वहीं, 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ही लखनऊ और बैंगलोर के बीच एकमात्र एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा।
प्लेऑफ मुकाबलों की मेजबानी के लिए कोलकाता भी पूरी तरह से तैयार है। कोलकाता मेट्रो ने भी इन मैचों के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने फैन्स को कोई कष्ट न हो, इसलिए बड़ी घोषणा की है। कोलकाता मेट्रो रेलवे ने कहा है कि वह 24 और 25 मई को ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाले आईपीएल मैचों के लिए विशेष मध्यरात्रि मेट्रो सेवा प्रदान करेगा।
लिस्ट में कहा गया कि टी-20 मैच के बाद एस्प्लेनेड स्टेशन से दक्षिणेश्वर और कवि सुभाष स्टेशन तक के लिए अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं दी गई हैं। ये रात 12 बजे तक चलेंगी। इसके लिए एस्प्लेनेड स्टेशन पर बुकिंग काउंटर खुले रहेंगे। वहां केवल स्मार्ट कार्ड और टोकन की बिक्री होगी। ये मेट्रो ट्रेनें रास्ते में आने वाले सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।
आईपीएल 2022 का दूसरा क्वालिफायर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, 29 मई को अहमदाबाद में ही फाइनल खेला जाना है।
राजस्थान की फ्लाइट में टर्बुलेंस
राजस्थान रॉयल्स ने भी कोलकाता के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि उनके लिए ये सफर अच्छा नहीं रहा। कोलकाता पहुंचते के दौरान राजस्थान रॉयल्स की फ्लाइट में भारी टर्बुलेंस हुई। इस वजह से विमान में मौजूद खिलाड़ी और स्टाफ डर गए थे। राजस्थान रॉयल्स ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। कुछ खिलाड़ी इस दौरान हल्ला बोल के नारे लगाते भी दिखाई दिए। आखिरी में टीम मैनेजर रोमी भिंडर यह कहते हुए नजर आए कि एयरलाइंस से भरोसा उठ गया।