आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक के लिए रविवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। उमरान का चयन टीम इंडिया में हो गया। भारतीय चयनकर्ताओं ने उमरान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में जगह दी है। उमरान ने आईपीएल 2022 में अपनी स्पीड से पूर्व क्रिकेटर्स और चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसी का इनाम उन्हें मिला है।
उमरान ने आईपीएल के 15वें सीजन में 20 से ज्यादा विकेट लिए। टीम इंडिया में चुने जाने के बाद उमरान ने इसका जश्न खास तरीके से मनाया। उन्होंने सोमवार को अपने मेंटर और भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान से मुलाकात की। साथ ही दोनों ने जश्न भी मनाया। इरफान ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर पर शेयर की है। इन तस्वीरों में उमरान इरफान और साथी खिलाड़ी अब्दुल समद को केक खिलाते हुए दिख रहे हैं।
उमरान की तरह समद भी सनराइजर्स हैदराबाद से खेलते हैं। समद और उमरान को हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने इस साल मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया था। इरफान पठान पहले जम्मू-कश्मीर टीम के मेंटर थे। उन्हीं के देखरेख में उमरान और समद ने अपने प्रदर्शन को बेहतर किया था। उमरान ने कई बार अपनी जिंदगी में इरफान के रोल के बारे में बता चुके हैं। उमरान ने बताया था कि किस प्रकार पठान ने उनकी मदद की थी।
उमरान की टीम सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। टीम 14 में से छह मैच जीतकर और 12 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रही। उमरान फिलहाल सीजन में चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 22 विकेट निकाले। उमरान के नाम फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे तेज गेंद फेंकने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।