रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर और राजस्थान रॉयल्स की टीम सोमवार को यहां जब आपस में भिड़ेंगी तो दर्शकों की निगाहें दो टीमों की भिड़ंत के बजाय दो खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर होंगी।
पहले बंगलोर के क्रिस गेल, जो कि पुणे वॉरियर्स के खिलाफ टी-20 बल्लेबाजी के कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं तो दूसरे राजस्थान के शेन वाटसन जो पिछले दो मैचों से लगातार बल्ले से आग उगल रहे हैं। टूर्नामेंट में इस बार शतक लगाने का कारनामा भी अब तक यही दो खिलाड़ी कर चुके हैं।
दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात की जाए तो राजस्थान ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट हराया था, जिसकी वजह से उसका हौसला इस समय सातवें आसमान पर है।
दूसरी तरफ बंगलोर की टीम मुंबई से 58 रन से हार चुकी है इसलिए वह इस मैच से एक बार फिर वापसी करना चाहेगी।
राजस्थान ने आठ मैचों में अब तक पांच जीते हैं और वह 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है जबकि बंगलोर ने नौ मैचों में छह मैच जीते हैं और उसके 12 अंक हैं।