आईपीएल-6 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 165 रन बनाए। कप्तान राहुल द्रविड़ ने सर्वाधिक 43 रनों का योगदान दिया। जवाब में मुंबई ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 169 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से डेवेन स्मिथ ने सर्वाधिक 62 रन बनाए।
इस मुकाबले में जीत हासिल करने के साथ ही मुंबई ने रविवार को खिताब के लिए दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ने और पिछली हार का बदला लेने का रास्ता साफ कर लिया। मुंबई को पहले क्वालिफायर में चेन्नई ने हराया था जबकि राजस्थान ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की थी।
मैच के फुल स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
इर्डन गार्डंस में खेला गया मुकाबला बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण तय समय से शुरू नहीं हो सका और मैच में लगभग एक घंटे की देरी हुई।
जवाब में मुंबई की शुरुआत भी अच्छी रही और पहले विकेट आदित्य तारे व डेवेन स्मिथ ने 70 रनों की साझेदारी निभाई। केवोन कूपर ने तारे (35) को कैच आउट कराकर राजस्थान को पहली सफलता दिलाई।
स्मिथ ने दिनेश कार्तिक के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम को जीत के करीब ले गए। इस बीच स्मिथ ने 38 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। हालांकि कार्तिक 22 रन बनाकर कूपर के दूसरे शिकार बने। कप्तान रोहित शर्मा (2) के बाद स्मिथ के भी आउट होने से मैच में रोमांच आ गया।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद राजस्थान की शुरुआत अच्छी हुई और ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। लेकिन अंजिक्य रहाणे (21) के आउट होने के बाद शेन वॉटसन (6) और संजू सैमसन (0) भी सस्ते में आउट हो गए। हालांकि एक छोर पर टिके कप्तान द्रविड़ तेजी से रन बटोरने में जुटे रहे लेकिन वह भी हरभजन के तीसरे शिकार बने। हरभजन ने रहाणे व वॉटसन को भी आउट किया था।
मध्य क्रम लड़खड़ाने के बाद ब्रैड हॉज (नाबाद 19) और दिशांत याज्ञनिक (नाबाद 31) ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए राजस्थान के लिए बड़ा स्कोर कर दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 57 रनों की अटूट साझेदारी की। मलिंगा ने अंतिम ओवर में 16 रन दे डाले जिसमें दो बंपर वाइड बॉल थी।