दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर आईपीएल के खिताबी जंग में शामिल हो गई है। पहले प्लेऑफ में उसने मुंबई को 48 रन से रौंद दिया।
आईपीएल 6 के पहले प्ले ऑफ मुकाबले में चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। ओपनर माइकल हसी (86) और सुरेश रैना (82) ने दूसरे विकेट के लिए अविजित 140 रनों की साझेदारी की। जवाब में मुंबई 18.4 ओवर में 144 रन बनाकर आउट हो गई।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई टीम आईपीएल में पांचवीं बार फाइनल में पहुंची है।
विशाल लक्ष्य के जवाब में मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आदित्य तारे (7) सस्ते में आउट हो गए। हालांकि इस झटके के बाद दूसरे ओपनर ड्वेन स्मिथ ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी और महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन जल्द ही वह 28 गेंदों में 6 चौके व 5 छक्के के दम पर 68 रनों की पारी खेलने के बाद रवींद्र जडेजा की गेंद पर कैच आउट हो गए।
स्मिथ के जाने के बाद मुंबई ने दिनेश कार्तिक (11) और कप्तान रोहित शर्मा (8) को भी सस्ते में खो दिया। कीरोन पोलार्ड (24) से मुंबई को आस थी पर वह भी जडेजा के तीसरे शिकार बने। धुरंधर बल्लेबाजों को खोने के बाद पुछल्ले बल्लेबाज भी मुंबई के लिए कुछ खास नहीं कर सके।
चेन्नई की ओर से जडेजा डेरेन ब्रावो के 3-3 विकेट के अलावा मोहित शर्मा को 2 व एल्बी मोर्कल और क्रिस मौरिस को 1-1 सफलता मिली। ब्रावो टूर्नामेंट में कुल 28 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज की सूची पहले पायदान पर आ गए हैं।
चेन्नई की शुरुआत आज अच्छी रही और पहले विकेट के लिए हसी ने मुरली विजय के साथ 52 रनों की साझेदारी की। हसी आज टूर्नामेंट में अपना छठा अर्धशतक लगाते हुए सर्वाधिक रन (कुल 732 रन) बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले पायदान पर आ गए हैं। उन्होंने आरसीबी के क्रिस गेल (कुल 708 रन) को पीछे छोड़ा।
चेन्नई की शुरुआत आज अच्छी रही और पहले विकेट के लिए हसी ने मुरली विजय के साथ 52 रनों की साझेदारी की। हसी आज टूर्नामेंट में अपना छठा अर्धशतक लगाते हुए सर्वाधिक रन (कुल 732 रन) बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले पायदान पर आ गए हैं। उन्होंने आरसीबी के क्रिस गेल (कुल 708 रन) को पीछे छोड़ा।
मुरली विजय (23) के रूप में चेन्नई का एकमात्र विकेट गिरा। उन्हें कीरोन पोलार्ड ने कैच आउट कराया। लीग चरण में 11-11 मैच खेलकर दोनों टीमों अंक तालिका में शीर्ष दो में शामिल थी।