इंग्लैंड के मध्यक्रम के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने खुलासा किया कि उन्हें आईपीएल 2023 के दौरान भारतीय फैंस के खिलाफ बोलने का पछतावा है। यह युवा खिलाड़ी पहले सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। हालांकि, अब उन्होंने अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना शुरू किया है। आईपीएल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए ब्रूक ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में शतक जड़ा था। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा था कि उन प्रशंसकों का मुंह बंद करना अच्छा है जिन्होंने उन्हें ट्रोल किया था।
हैरी ब्रूक
- फोटो : IPL/BCCI
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले ब्रूक ने कहा- मैं बेवकूफ था और मैंने एक इंटरव्यू में वह मूर्खतापूर्ण बातें कहीं जिसका मुझे थोड़ा अफसोस है। भारत में आप अपने होटल के कमरे में बैठे रहते हैं। कुछ खास करने के लिए नहीं होता है, इसलिए मैं इंस्टाग्राम या ट्विटर पर स्क्रोल करता रहता था। उन चीजों को देखता था जिन्हें आप बस देखना नहीं चाहते हैं। अब मैंने सोचा है कि इससे दूर रहना ही सबसे सही विचार है।
हैरी ब्रूक
- फोटो : IPL/BCCI
यॉर्कशायर के इस बल्लेबाज ने कहा कि सोशल मीडिया और सभी नकारात्मकताओं से दूर रहने ने उनकी काफी मदद की है। ब्रूक ने कहा, "मैं पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया से दूर हूं। मुझे जो भी लगता है, मैं उसे फोन से डिलीट कर देता हूं। मैंने वास्तव में कोई नकारात्मकता नहीं रखी है। मुझे लगता है कि इससे मेरे खेल में मदद मिली है। मेरा मानसिक स्वास्थ्य भी ठीक है।''
हैरी ब्रूक
- फोटो : IPL/BCCI
नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक के अलावा 24 वर्षीय ब्रूक कुछ खास नहीं कर सके थे। उन्हें सनराइजर्स ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह 11 पारियों में 20 से कम की औसत से केवल 190 रन बना पाए। यही वजह थी कि एसआरएच ने उन्हें आईपीएल 2024 से पहले रिलीज कर दिया था। ब्रूक का मानना है कि विश्व कप के बाद वेस्टइंडीज जाने से पहले दो सप्ताह के ब्रेक से उनका मनोबल काफी बढ़ा है।
उन्होंने कहा- ईमानदारी से कहूं तो मुझे शायद ऐसा लगा कि विश्व कप के बाद मुझे थोड़े ब्रेक की जरूरत थी। यह आपको बुरी चीजों से बाहर निकालता है। घर पर रहना और दो सप्ताह का ब्रेक लेना ताजगी भरा था। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मैं यहां आकर खुश हूं। मुझे लगता है कि मेरे पास कुछ चीजें हैं जिन पर मुझे काम करने की जरूरत है, खासकर वनडे क्रिकेट में। इस युवा खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में सबसे ज्यादा 71 रन बनाए, लेकिन इंग्लैंड हार गया।