क्रिकेट मैदान का उद्घाटन करते आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जनपद के ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में उच्च स्तर का क्रिकेट मैदान तैयार किया गया है। शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विनीत सरन, आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और यूपीसीए सचिव डॉक्टर युद्धवीर सिंह ने मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने क्रिकेट मैदान को जनपद के खिलाड़ियों के लिए सौगात बताया।
आइपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने आईपीएल को लेकर कहा कि हम आइपीएल का दायरा और बढ़ाने में लगे हैं। देश की महिला क्रिकेट टीम भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। विश्व की मशहूर टीमों में शामिल भारत की महिला क्रिकेटरों को भी हम आइपीएल का मंच देने को तैयार हैं। शुक्ला ने महिला आईपीएल करवाने की बात पर कहा कि हमारी तैयारी महिला आइपीएल भी कराने की है।
वहीं सहारनपुर में शनिवार को मैदान का उद्घाटन करने पहुंचे न्यायमूर्ति विनीत सरन और आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने काम की सराहना की। दोनों ने मैदान का निरीक्षण करने के साथ ही गेंद और बल्ले पर हाथ भी आजमाए। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से तैयार किए गए क्रिकेट मैदान की पिच, अंतरराष्ट्रीय स्तर के पिच क्यूरेटर शिव कुमार यादव के द्वारा तैयार की गई है।
न्यायमूर्ति विनीत सरन ने मैदान की सराहना करते हुए नवोदित खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राजीव शुक्ला ने कहा कि सहारनपुर के क्रिकेट खिलाड़ी टीम इंडिया को छोड़कर हर स्तर के क्रिकेट में आगे आए हैं, जिसके पीछे यहां क्रिकेट के लिए काम करने वालों खासकर एसडीसीए के लोगों का हाथ है।