बेंगलुरु में खेले जाने वाले आखिरी टी-20 से पहले सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, इस वीडियो को दुनिया तक फैलाने वाले कोई और नहीं बल्कि गब्बर के सलामी जोड़ीदार रोहित शर्मा ही है।
दरअसल, भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पर अपने साथी खिलाड़ी शिखर धवन का एक मजेदार वीडियो डाला है जिसने फैंस को हंसने पर मजबूर कर दिया। शर्मा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर लिखा, 'नहीं, वह मुझ से बात नहीं कर रहे हैं और उनकी उम्र वह नहीं रही कि उनका कोई काल्पनिक मित्र हो। इतने दीवाने क्यों हो रहे हो जटजी शिखर धवन।'
हालांकि, धवन ने तुरंत बताया कि वह शायरी की प्रैक्टिस कर रहे थे। धवन ने वीडियो पर कमेंट किया, 'मैं शायरी की प्रैक्टिस कर रहा था और जनाब ने वीडियो बना लिया। क्या दिल से याद कर रहा था वाह मजा आ गया। काश इतने दिल से पढ़ाई भी की होती।'
बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ मोहाली में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में टीम इंडिया ने सात विकेट से जीत दर्ज कर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली। धर्मशाला टी-20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मैच बेंगलुरु में खेलेगी।