फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL Auction 2022: श्रेयस अय्यर से लेकर राशिद खान, इन बड़े खिलाड़ियों को रिटेन नहीं करना पड़ सकता है भारी

Sun, 09 Jan 2022 08:17 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आठ टीमों ने अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है। अनुभवी से लेकर युवा स्टार तक रिटेन हुए हैं। वहीं, कुछ दिग्गजों पर टीमों ने भरोसा नहीं जताया है और वे नीलामी में दिख सकते हैं। अब ऐसा हो सकता है श्रेयस अय्यर, राशिद खान से लेकर शार्दुल ठाकुर जैसे स्टार खिलाड़ियों को खरीदने में उनकी पुरानी टीमों को कामयाबी नहीं मिले।
विज्ञापन
आईपीएल नीलामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी फरवरी में होनी है। इस बार टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले आठ टीमों ने अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है। अनुभवी से लेकर युवा स्टार तक रिटेन हुए हैं। वहीं, कुछ दिग्गजों पर टीमों ने भरोसा नहीं जताया है और वे नीलामी में दिख सकते हैं। अब ऐसा हो सकता है श्रेयस अय्यर, राशिद खान से लेकर शार्दुल ठाकुर जैसे स्टार खिलाड़ियों को खरीदने में उनकी पुरानी टीमों को कामयाबी नहीं मिले।
विज्ञापन


प्रत्येक टीम के उन खिलाड़ियों के बारे में जानिए जिन्हें रिटेन नहीं करना भूल साबित हो सकती है:

शार्दुल ठाकुर - फोटो : सोशल मीडिया
शार्दुल ठाकुर (चेन्नई सुपरकिंग्स): महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने फॉर्म में चल रहे शार्दुल ठाकुर को रिटेन नहीं किया है। उन्होंने पिछले सीजन में टीम के लिए 21 विकेट लिए थे। उन्होंने जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में सात विकेट झटकने के बाद सबका ध्यान एक बार फिर से अपनी ओर खिंचा है। नीलामी में उन पर पैसों की बारिश हो सकती है। वे कई टीमों की लिस्ट में होंगे। ऐसा संभव है कि चेन्नई की टीम उन्हें खरीदने में कामयाब नहीं हो सके।

श्रेयस अय्यर (दिल्ली कैपिटल्स): मुंबई के श्रेयस अय्यर आईपीएल में दमदार लीडर बनकर उभरे हैं। उन्होंने बतौर कप्तान आईपीएल 2020 के फाइनल तक दिल्ली कैपिटल्स को पहुंचाया था। वे मध्यक्रम के बेहतरीन बल्लेबाज हैं। अय्यर तेजी से रन बनाने की क्षमता रखने के साथ-साथ पारी को आगे बढ़ाने का भी काम करते हैं। श्रेयस को दिल्ली ने 7 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उनका आईपीएल वेतन इस बार रविंद्र जडेजा की तरह बढ़ने की संभावना है। जडेजा को चेन्नई ने 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। अय्यर ने 41 आईपीएल मैचों में टीम की कमान संभाली है और उनमें 21 जीते हैं।

राशिद खान (सनराइजर्स हैदराबाद): अफगानिस्तान के राशिद खान निस्संदेह सबसे छोटे प्रारूप के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं। राशिद ने 2017 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से आईपीएल में डेब्यू किया था। हैदराबाद ने उन्हें चार करोड़ रुपये में खरीदा था।  राशिद ने हैदराबाद के लिए 76 मैचों में 93 विकेट लिए हैं। उन्हें फ्रैंचाइजी ने 2018 में 9 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। राशिद ने इस बार ज्यादा कीमत पाने के लिए सनराइजर्स से अलग होने का फैसला किया। उन पर भी नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है।

केएल राहुल - फोटो : सोशल मीडिया
केएल राहुल (पंजाब किंग्स): आईपीएल 2022 के मोस्ट वांटेड खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि केएल राहुल हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक लगाया है। इस सलामी बल्लेबाज ने लगातार 4 आईपीएल सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। राहुल भविष्य के स्टार कप्तान के रूप में देखे जाते हैं। नीलामी या उससे पहले उन्हें बड़ी कमाई की उम्मीद है। पंजाब किंग्स ने उन्हें पिछली बार 11 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बार हो सकता है कि राहुल नीलामी में नहीं जाए और दो नई टीमों में से कोई उन्हें अपनी टीम में पहले ही चुन ले। इस स्थिति में राहुल पर पैसों की बरसात हो सकती है। माना जा रहा है कि राहुल इस बार आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं।

युजवेंद्र चहल - फोटो : सोशल मीडिया
युजवेंद्र चहल (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर): हैरानी की बात है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल को रिटेन नहीं किया। चहल को नीलामी से पहले अहमदाबाद या लखनऊ की टीम चुन सकती है। अगर नीलामी में गए तो उन पर सबकी नजरें रहेंगी। चहल आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों में एक हैं। उन्होंने अपने दम पर आरसीबी को कई मैच जिताए हैं। अगर चहल नीलामी में गए तो 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की बोली तो जरूर लगेगी।

पैट कमिंस - फोटो : सोशल मीडिया
पैट कमिंस (कोलकाता नाइटराइडर्स): एशेज में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का प्रदर्शन शानदार रहा है। वे अब तक 10 विकेट ले चुके हैं। उनकी कप्तानी का टैग आईपीएल 2022 की नीलामी में उन्हें बड़ी कीमत दिला सकती है। इस खतरनाक तेज गेंदबाज ने आईपीएल 37 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। वे पिछले साल कोलकाता की टीम में थे, लेकिन यूएई में आईपीएल के दूसरे चरण में नहीं खेल सके थे। 

ईशान किशन (मुंबई इंडियंस): भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए जबरदस्त साबित हुए हैं।  उन्होंने पिछले दो सीजन में 516 और 241 रन बनाए हैं। वे पहली ही गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। मुंबई की नजर एक बार फिर से ईशान किशन को खरीदने पर होगी। इसके लिए उसे दूसरी फ्रैंचाइजियों से कड़ी टक्कर मिल सकती है।
विज्ञापन

बेन स्टोक्स - फोटो : सोशल मीडिया
बेन स्टोक्स (राजस्थान रॉयल्स): आईपीएल 2022 की नीलामी में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को रिटेन नहीं करने का फैसला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जा सकता है। मौजूदा टीमों को छोड़ भी दें तो नई फ्रैंचाइजी लखनऊ और अहमदाबाद अपने डेब्यू सीजन में इस स्टार खिलाड़ी को जरूर खरीदना चाहेगी। स्टोक्स पहले भी आरपीएसजी ग्रुप की टीम पुणे सुपरजाएंट्स की ओर से खेल चुके हैं। हो सकता है कि इस बार वे लखनऊ की ओर से खेलते दिखाई दें। स्टोक्स ने 43 आईपीएल मैचों में 920 रन बनाए हैं और 28 विकेट लिए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें