आईपीएल 2025 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 22 मार्च से टूर्नामेंट का आगाज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबले से होगा। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने अपने खास दोस्त विराट कोहली को खास सलाह दी है। उन्होंने कहा कि स्टार बल्लेबाज को आगामी सत्र में बल्लेबाजी विभाग की कप्तानी करना चाहिए।
डिविलियर्स ने मंगलवार को जियोस्टार प्रेस रूम में कहा- विराट को इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजी विभाग का कप्तान बनने की जरूरत है। उन्हें वास्तव में सूत्रधार की भूमिका निभानी होगी और बल्लेबाजी क्रम में किसी तरह की गिरावट नहीं आए यह सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी।
'स्ट्राइक रेट की चिंता को छोड़ें और स्मार्ट क्रिकेट खेलें'
इस दौरान डिविलियर्स ने कहा कि कोहली को आगामी आईपीएल में अपना स्ट्राइक रेट बढ़ने पर ध्यान देने के बजाय स्मार्ट क्रिकेट खेल कर सूत्रधार की भूमिका निभानी चाहिए तथा शीर्ष क्रम में विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट का साथ मिलने से उन पर दबाव कम होगा। कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की तरफ से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं लेकिन पिछले दो सत्र से उनका स्ट्राइक रेट चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: BCCI: विराट के बाद कपिल देव ने रखी विदेश दौरे पर परिवार के साथ जाने के नियम पर राय, कहा- संतुलित रवैया अपनाएं
बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने हालांकि आईपीएल के इस सत्र के लिए इंग्लैंड के सॉल्ट और लियाम लिविंगस्टोन, ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड और वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को अपनी टीम में लिया है जिससे डिविलियर्स को लगता है कि कोहली अधिक स्वच्छंद होकर खेल सकते हैं।
डिविलियर्स ने आगे कहा- ऐसा लगता है कि विराट अपने क्रिकेट का आनंद ले रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें फिल साल्ट के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपनी स्ट्राइक रेट बढ़ानी होगी। सॉल्ट आक्रामक बल्लेबाज हैं और मुझे लगता है कि वह विराट पर से काफी दबाव हटा देंगे। विराट को वह जारी रखना होगा जो वह इतने वर्षों से करते आ रहे हैं। खेल पर नियंत्रण बनाए रखना और स्मार्ट क्रिकेट खेलना। वह जानते हैं कि कब थोड़ा सा आगे बढ़ना है और कब इसे कम करना है।
तैयारियों में जुटे कोहली
पहले मैच से पूर्व कोहली ने तैयारियां की और बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर बल्लेबाजी करते नजर आए थे। कोहली ने नेट्स पर थ्रोडाउन विशेषज्ञ के साथ अभ्यास किया था। कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और उनकी नजरें आईपीएल में भी यही फॉर्म बरकरार रखने की होगी। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कोहली कुछ दिन के ब्रेक पर थे इसलिए वह आरसीबी के साथ देरी से जुड़े।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: रोहित-कोहली के पास ये विशेष उपलब्धि हासिल करने का होगा मौका, डिविलियर्स और गेल को छोड़ सकते हैं पीछे