फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: राष्ट्रपति ने उपराष्ट्रपति से मुलाकात की, स्वास्थ्य की जानकारी ली; मणिपुर में नशे के खिलाफ अभियान

Tue, 18 Mar 2025 06:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को यहां उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उपराष्ट्रपति धनखड़ को हृदय संबंधी बीमारियों के चलते 9 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 12 मार्च को छुट्टी दे दी गई और आराम करने की सलाह दी गई। वहीं इस मुलाकात को लेकर राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए उपराष्ट्रपति के आवास पर गईं।'
विज्ञापन

 

झारखंड में IED विस्फोट में CRPF के उपनिरीक्षक घायल
झारखंड के चाईबासा जिले में एक जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मंगलवार को आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के एक उपनिरीक्षक घायल हो गए है। मामले में पश्चिमी सिंहभूम जिले पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि हुए हमले में घायल एसआई सुबोध कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह घटना जराइकेला के राधा पोड़ा गांव के पास हुई, जब सीआरपीएफ के जवानों का पैर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) पर पड़ गया, जिसे माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाया था। इससे पहले, अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने जवाबी गोलीबारी की। एसपी ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान जारी है।
 

झारखंड के पूर्व मंत्रियों की संपत्ति जांच पर PIL खारिज
झारखंड हाईकोर्ट ने उस जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया है, जिसमें पूर्व सीएम रघुबर दास के कार्यकाल में मंत्री पद पर रहे नेताओं की संपत्ति जांच की मांग की गई थी। मुख्य न्यायाधीश एम एस रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति दीपक रोशन की खंडपीठ ने कहा कि पूर्व मंत्रियों अमर कुमार बाउरी, नीरज यादव, नीलकंठ सिंह, लुईस मरांडी और रणधीर सिंह की संपत्ति की जांच की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। साल 2020 में दायर इस याचिका में पांचों पूर्व मंत्रियों की संपत्ति की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने की मांग की गई थी। वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने एसीबी से जांच कराने की सहमति दे दी थी। ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर मंत्रियों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भी भेजा था। बता दें कि रघुबर दास 2014-2019 के बीच मुख्यमंत्री रहे थे। बाद में उन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। दिसंबर 2024 में गवर्नर पद से इस्तीफा देने के बाद फिलहाल 69 साल के रघुबर दास झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं।
विज्ञापन


ओडिशा का बौध शहर लगातार तीसरे दिन रहा देश का सबसे गर्म स्थान
ओडिशा के बौध शहर में तापमान मार्च के तीसरे हफ्ते से ही 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन बौध पूरे देश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने बताया कि यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा का ही बरगढ़ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तीसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश का कुरनूल रहा। यहां का तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को बौध में लू जैसे हालात रहे। शनिवार को यहां का तापमान 42.5 डिग्री, जबकि रविवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने ओडिशा के छह जिलों के लिए मंगलवार को लू की चेतावनी जारी की है। झारसुगुडा, बोलांगीर, संबलपुर, सोनपुर, तालचेर, भवानीपटना, हीराकुंड, सुंदरगढ़ और खुर्दा में अधिकतम तापमान 39 और 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

सोशल मीडिया पर सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा देने वाले 11 यूट्यूबर्स पर मामला दर्ज
हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा देने के आरोप में 11 यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया प्रभावितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन में बीएनएस (बिहार नगर सट्टेबाजी एक्ट), गेमिंग एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इन 11 यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया प्रभावितों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देने का आरोप है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें तलब कर पूछताछ की जाएगी और मामले की आगे की जांच जारी है।

कर्नाटक सरकार का बड़ा वादा: अनुसूचित जातियों के लिए आंतरिक आरक्षण जल्द लागू होगा
कर्नाटक के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री के एच मुनियप्पा ने सोमवार को राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द अनुसूचित जातियों के बीच आंतरिक आरक्षण लागू किया जाएगा। मुनियप्पा ने उन आलोचनाओं को "अनुचित" बताया, जो मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की ओर से इस मामले में हो रही देरी को लेकर की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आंतरिक आरक्षण का समर्थन करने वाले सभी समुदाय एकजुट हैं और इसमें कोई मतभेद नहीं है।

मुनियप्पा ने आंतरिक आरक्षण के लिए अनुभवजन्य आंकड़ों का महत्व बताते हुए संगठनों से तीन से चार महीने तक धैर्य रखने का आग्रह किया। सरकार ने अनुसूचित जातियों के बीच आंतरिक आरक्षण की सिफारिश के लिए एक आयोग का गठन किया है, जो 2011 की जनगणना और अन्य डेटा के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगा। मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया जल्दबाजी में नहीं की जा सकती क्योंकि इससे कानूनी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

 

2008 में दो बहनों की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास
अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले की अदालत ने 2008 में दो बहनों की हत्या के मामले में मजीबुर रहमान उर्फ अताबुर रहमान को दोषी ठहराते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा, उस पर 20,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। रहमान ने 6 जून, 2008 को गंगा मार्केट में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली बहनों की हत्या की थी। हालांकि, वह 2012 में न्यायिक हिरासत से फरार हो गया और एक दशक से अधिक समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। 11 साल की तलाश के बाद जनवरी में उसे गिरफ्तार किया गया।

2024 में आयुध कारखानों में 62 औद्योगिक दुर्घटनाएं, सरकार ने संसद में दी जानकारी
केंद्र सरकार ने सोमवार को संसद को बताया कि 2024 में देशभर के आयुध कारखानों में 62 औद्योगिक दुर्घटनाएँ हुईं। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के सवाल के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2023 में 75, 2022 में 83, 2021 में 74 और 2020 में 54 दुर्घटनाएं हुईं। मंत्री ने यह भी बताया कि मृतक श्रमिकों के परिवारों और घायल श्रमिकों को मुआवजा और सहायता दी जाती है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा और सुरक्षा ऑडिट के लिए विभिन्न एजेंसियों द्वारा कदम उठाए जाते हैं।

झारखंड में पुआल के ढेर में लगी आग खेल रहे चार बच्चों की जलकर मौत
झारखंड के चाईबासा जिले में दर्दनाक हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। बच्चे पुआल के ढेर में खेल रहे थे, तभी उसमें अचानक आग लग गई और बच्चों की जलकर मौत हो गई। चाईबासा के  पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। पुआल के ढेर में आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। एजेंसी

बाघ ने अफसरों पर किया हमला आत्मरक्षा में चली गोेली से मौत
केरल के इडुक्की जिले के वंडिपेरियार में एक बाघ ने वन अधिकारियों पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में अधिकारियों को गोली चलानी पड़ी और बाघ मारा गया। एक अधिकारी ने बताया कि एक घायल बाघ भटककर ग्रानबी टी एस्टेट में घुस आया था। उसे पकड़ने के लिए सोमवार को बेहोशी का इंजेक्शन दिया तो वह आक्रामक हो गया और कर्मचारियों पर टूट पड़ा। इस दौरान टीम को गोली चलानी पड़ी।

राहुल गांधी न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन से मिले

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को और मजबूत बनाने व वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की। लक्सन भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। राहुल गांधी ने मुलाकात की तस्वीरें अपने व्हाट्सएप चैनल पर साझा कीं। उन्होंने कहा, ‘‘आज, मुझे नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री माननीय क्रिस्टोफर लक्सन से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हमने अपने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, वैश्विक चुनौतियों और हमारे देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के अवसरों के बारे में सार्थक चर्चा की।

तिरुवनंतपुरम-पथानामथिट्टा कलेक्ट्रेट को मिली बम की धमकियां

केरल में तिरुवनंतपुरम और पथानामथिट्टा कलेक्ट्रेट को ईमेल के जरिए आज सुबह बम की धमकी मिली थी। वहीं इसे लेकर पथानामथिट्टा कलेक्ट्रेट ने कहा- इसके बाद चलाए गए तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ नहीं मिला। वहीं तिरुवनंतपुरम के जिला कलेक्टर ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर मौजूद है। मामलेे में तिरुवनंतपुरम की जिला कलेक्टर अनु कुमारी ने कहा, 'हमें ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली... ईमेल में पाइप में कुछ आरडीएक्स रखे जाने का जिक्र था... हमने तुरंत परिसर को खाली करा लिया। बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की तलाशी ली... उसके बाद तलाशी का आखिरी चरण चल रहा है; हम कह सकते हैं कि यह एक अफवाह है या कुछ और... इस बीच, मधुमक्खियों ने हमला किया जिसमें कई लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया... उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है'।
 

कोलकाता में 9 महीने के बच्चे को बचाया गया, 3 गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक नौ महीने के बच्चे को बचाया गया और दो महिलाओं समेत तीन लोगों को माता-पिता से बच्चे के अपहरण में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चे के माता-पिता पार्क स्ट्रीट इलाके में फुटपाथ पर रहते हैं। इस मामले में बच्चे की मां ने पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि 13 मार्च को जब वह भीख मांगने गई थी, तब उसका बच्चा लापता हो गया।

अधिकारी ने बताया, 'महिला अपने बच्चे और अपनी बड़ी बेटी के साथ भीख मांगने गई थी। उनके साथ एक और महिला भी थी। भीख मांगने के बाद, चारों फुटपाथ पर आराम कर रहे थे, तभी बच्चा रोने लगा। तभी आरोपी महिला बच्चे को शांत करने के लिए उसे टहलने के लिए ले गई, और फिर कभी वापस नहीं लौटी।' अधिकारी ने कहा, 'सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमने आरोपी महिला को तंगरा इलाके में ढूंढ निकाला, जहां वह छिपी हुई थी। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने बच्चे को उसी इलाके में एजेंट के तौर पर काम करने वाले एक जोड़े को सौंप दिया था। बाद में जोड़े को वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया।' उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस मामले में बाल तस्करी का रैकेट शामिल है या नहीं।

केरल में स्थानीय माकपा नेता के खिलाफ 'सांप्रदायिक' फेसबुक पोस्ट को लेकर मामला दर्ज
केरल के मुवत्तुपुझा में माकपा के स्थानीय क्षेत्र समिति सचिव के खिलाफ फेसबुक पोस्ट को लेकर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें कथित तौर पर एक खास धार्मिक समुदाय के खिलाफ सांप्रदायिक टिप्पणी की गई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) की शिकायतों के बाद सोमवार शाम को माकपा नेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'शिकायतें कल (सोमवार) प्राप्त हुईं और उसी दिन मामला दर्ज कर लिया गया।' अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गुजरात: अरावली में पेपर मिल में लगी आग

गुजरात के अरावली के काबोला के पास पेपर मिल में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। मामले में अग्निशमन अधिकारी हेमराज सिंह वाघेला ने कहा, पेपर मिल के वेस्ट गोदाम में आग लग गई है... दमकल की कुल 5 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। कोई जनहानि नहीं हुई है।
 

तेलंगाना- SLBC सुरंग में बचाव अभियान जारी

तेलंगाना के नागरकुरनूल में 22 फरवरी को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर की SLBC सुरंग के अंदर फंसे सात श्रमिकों के लिए बचाव अभियान जारी है। 10 मार्च को सुरंग के अंदर से एक श्रमिक का शव निकाला गया था।
 

आंध्र प्रदेश: अनकापल्ले में पुल के पास मिला महिला का कटा हुआ शव
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ले जिले में बयावरम राष्ट्रीय राजमार्ग पुल के पास एक अज्ञात महिला का कटा हुआ निचला शरीर चादर में लिपटा हुआ मिला। स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई है और मृतक महिला की पहचान करने के प्रयास जारी हैं, अनकापल्ले डीएसपी के श्रावणी ने कहा, जो अपराध के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

डीएसपी ने बताया, 'शरीर नाभि से नीचे कटा हुआ पाया गया, साथ ही एक कटा हुआ हाथ भी मिला, और उसे चादर में लपेटा गया था'। डीएसपी के अनुसार, मृतक महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष होगी और पहचान के लिए उसकी तस्वीरें इलाके में प्रसारित की गई हैं। मामले में बीएनएस धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है जबकि आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने पाया कि शव को कहीं और काटा गया था और यहां फेंका गया था। श्रावणी ने बताया कि अब तक केवल निचला आधा हिस्सा ही बरामद किया गया है और लापता ऊपरी शरीर की तलाश जारी है। सबूतों का विश्लेषण करने और अपराध स्थल को फिर से बनाने के लिए फोरेंसिक टीमों को तैनात किया गया है।

मणिपुरः 3.29 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
मणिपुर के चंदेल जिले में 3.29 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि असम राइफल्स ने रविवार को जिले के कुलजांग गांव में अभियान चलाया। इस दौरान 23 वर्षीय युवक के पास से ब्राउन शुगर के 137 डिब्बे जब्त किये गए। एक बयान में बल ने कहा कि आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए और आगे की कार्रवाई के लिए उसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।

ओडिशा में 3 साल में 2 रॉयल बंगाल टाइगर और 12 तेंदुए मारे गए
ओडिशा के एक मंत्री ने मंगलवार को बताया कि पिछले तीन सालों में शिकारियों ने ओडिशा के वन क्षेत्रों में दो रॉयल बंगाल टाइगर और एक दर्जन तेंदुओं को मार डाला। विधानसभा में भाजपा विधायक चक्रमणि कन्हारिन के एक सवाल के जवाब में मंत्री ने यह भी बताया कि इस अवधि के दौरान छह रॉयल बंगाल टाइगर और 63 तेंदुओं की खाल जब्त की गई।

वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंहखुंटिया ने बताया कि 2024 में की गई हाथी जनगणना के अनुसार, ओडिशा के 38 वन प्रभागों में 2,103 हाथी मौजूद हैं, जिनमें से सबसे अधिक 291 हाथी ढेंकनाल में पाए गए। उन्होंने बताया कि तीन सालों के दौरान सबसे अधिक 41 हाथियों की मौत भी ढेंकनाल वन प्रभाग से हुई। उन्होंने कहा कि 2023-24 की बाघ जनगणना के अनुसार, ओडिशा में 30 बड़ी बिल्लियां पाई गईं, जिनमें से 27 सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व (एसटीआर) में थीं। सिंघुंटिया ने कहा कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) ने 2022 में ओडिशा में अंतिम तेंदुआ जनगणना की थी, जिसके दौरान पूर्वी राज्य में 568 तेंदुए पाए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि जंगली जानवरों की सुरक्षा के लिए, राज्य सरकार ने अवैध शिकार विरोधी शिविरों की स्थापना, वन गश्त, प्रौद्योगिकी का उपयोग करके आवाजाही पर नज़र रखने और चारा बागानों को बढ़ाने सहित कई कदम उठाए हैं।
 

रांची के आवास परिसर में मृत मिला सेना का अधिकारी 
रांची पुलिस ने कहा कि झारखंड के रांची में मंगलवार को एक हाउसिंग कॉलोनी के पार्किंग क्षेत्र में लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक के 48 वर्षीय एक सेना अधिकारी मृत पाए गए। एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना खेलगांव पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत खेलगांव आवास परिसर में हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान दिवाकर कुमार के रूप में हुई है, जो रांची में स्टेशन मुख्यालय में तैनात था। वह बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था। 

खेलगांव पुलिस स्टेशन के प्रभारी गजेश कुमार ने पीटीआई को बताया, 'प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी परिसर में आठ मंजिला इमारत की छत से गिर गया। हम जांच कर रहे हैं कि वह दुर्घटनावश गिरा या आत्महत्या के प्रयास में छत से कूद गया।' गजेश कुमार ने बताया कि दिवाकर के परिवार के सदस्यों के अनुसार, वह अवसाद से संबंधित समस्याओं के लिए दवा ले रहा था। उन्होंने कहा, 'वह सोमवार रात को भोजन के बाद छत पर गया था और आज सुबह उसका शव एक पड़ोसी ने देखा।' गजेश कुमार ने यह भी बताया कि सेना अधिकारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, 'दोपहर में पोस्टमार्टम किया गया। हम मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।'

19-21 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर रहेंगे रक्षा खुफिया एजेंसी के महानिदेशक
रक्षा खुफिया एजेंसी (डीजी डीआईए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा 19 से 21 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा खुफिया सहयोग को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच रणनीतिक जुड़ाव को बढ़ाना है। इस यात्रा के दौरान, वे ऑस्ट्रेलिया के परिचालन ढांचे तथा संयुक्त कमान संरचनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए मुख्यालय संयुक्त संचालन कमान (एचक्यू जेओसी) का भी दौरा करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'डीजी डीआईए 19-21 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा खुफिया सहयोग को और मजबूत करना तथा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक जुड़ाव को बढ़ाना है।' यात्रा के दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल राणा वरिष्ठ ऑस्ट्रेलियाई रक्षा अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे, जिनमें रक्षा विभाग के उप सचिव, राष्ट्रीय खुफिया महानिदेशक, रक्षा खुफिया प्रमुख तथा ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों के संयुक्त संचालन प्रमुख शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये उच्च स्तरीय बातचीत खुफिया जानकारी साझा करने के तंत्र, क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आगे सहयोग के अवसरों पर केंद्रित होगी।

ट्रेड यूनियनों ने 20 मई को देशव्यापी हड़ताल का किया आह्वान
कई ट्रेड यूनियनों ने मंगलवार को कई मांगों को लेकर 20 मई को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया, जिसमें श्रम संहिता को खत्म करना, निजीकरण को रोकना और भारतीय श्रम सम्मेलन के माध्यम से नियमित परामर्श आयोजित करना शामिल है। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र क्षेत्रीय संघों और संघों के मंच की तरफ से आयोजित श्रमिकों के राष्ट्रीय सम्मेलन ने दो महीने का अभियान चलाने की घोषणा को अपनाया, जिसका समापन 20 मई को देशव्यापी आम हड़ताल के साथ होगा, एक बयान में कहा गया।

सम्मेलन को संबोधित करने वाले नेताओं ने घोषणा का समर्थन किया। सम्मेलन को संबोधित करने वालों में आईएनटीयूसी से अशोक सिंह, एटक से अमरजीत कौर, एचएमएस से हरभजन सिंह, सीआईटीयू से तपन सेन, एआईयूटीयूसी से हरीश त्यागी, टीयूसीसी से के इंदु प्रकाश मेनन, एसईडब्ल्यूए से लता बेन, एआईसीसीटीयू से राजीव डिमरी, एलपीएफ से जवाहर प्रसाद और यूटीयूसी से अशोक घोष शामिल थे।

अमृत उद्यान पहुंचे सीजेआई, राष्ट्रपति से की मुलाकात

राष्ट्रपति भवन की तरफ से बताया गया कि, भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों ने अपने परिवारों के साथ राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान का दौरा किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दौरे के बाद उनसे बातचीत भी की।
 
विज्ञापन

कोलकाता में 102 वर्षीय महिला को पेसमेकर लगाया गया
कोलकाता के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने 102 वर्षीय महिला को सफलतापूर्वक पेसमेकर लगाया और दो दिन के भीतर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी, संबंधित चिकित्सकों में से एक ने मंगलवार को बताया। डॉक्टरों ने कहा कि पेसमेकर लगाना एक सामान्य प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन 102 वर्षीय महिला के दिल में सर्जरी करना दुर्लभ है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति काना रॉय, जो सेंट टेरेसा और मिशनरीज ऑफ चैरिटी की अन्य ननों का इलाज करती थीं, ने शनिवार को ऑपरेशन करवाया।

रॉयल कॉलेज ऑफ ऑब्सटेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट की फेलो रॉय ने कैलिफोर्निया से बताया कि जब डॉक्टरों ने अनियमित दिल की धड़कन देखी और प्रत्यारोपण निर्धारित किया, तो उन्हें चक्कर आने की शिकायत हुई थी। दक्षिण कोलकाता के बल्लीगंज इलाके में अपने निवास से महिला ने बताया कि वह सर्जरी की सफलता के बारे में आश्वस्त थी। मैं बेहतर महसूस कर रही हूं। मुझे नहीं पता कि यह चमत्कार है या नहीं, क्योंकि मैं इसका फैसला करने वाली नहीं हूँ। डॉक्टरों ने मुझे जो भी सलाह दी है, मैंने उसका पालन किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें