मुंबई इंडियंस और कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2024 की शुरुआत अच्छी यादें लेकर नहीं आई है। मुंबई को पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा और फिर बुधवार को खेले गए मैच में उसके गेंदबाजों पर सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने जमकर प्रहार किया। मुंबई के कप्तान के तौर पर हार्दिक की शुरुआत फीकी रही है और वह ना सिर्फ कप्तानी बल्कि बल्लेबाजी या गेंदबाजी से भी प्रभावित नहीं कर पाए हैं। हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान एक दिलचस्प वाक्या देखने मिला जब पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने कमान अपने हाथों में ली और हार्दिक को बाउंड्री पर भेजा। यह नजारा देख रोहित के फैंस के चेहरे खिल उठे, वहीं सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर मजे लिए।
हैदराबाद ने बनाया रिकॉर्ड
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बुधवार की रात खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में तीन विकट गंवाकर 277 रन का स्कोर खड़ा। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) का 11 साल रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2013 में बैंगलुरु ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ चिन्नास्वामी में पांच विकेट गंवाकर 263 रन बनाए थे जो इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर था।
बाउंड्री लाइन पर जाते दिखे हार्दिक
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने मैदान पर इस तरह की विस्फोटक पारी खेली जिसे देखकर हर कोई हिल गया। मैच में जब मुंबई के बड़े से बड़े गेंदबाज महंगे साबित हो रहे थे, तब कप्तान हार्दिक को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि हैदराबाद के बल्लेबाजों को कैसे रोकें। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें रोहित हार्दिक को कुछ कह रहे हैं और फिर कप्तान हार्दिक बाउंड्री की ओर जा रहे हैं। कमेंटेटर ने इस नजारे को देखकर कहा, रोहित का हस्तक्षेप देखा जा सकता है। हार्दिक बाउंड्री लाइन के पास जा रहे हैं।
पहले मैच में रोहित को निर्देश देते दिखे थे हार्दिक
मुंबई इंडियंस और गुजरात के बीच पिछले रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में हार्दिक पूर्व कप्तान रोहित को निर्देश देते दिखे थे। उस मैच में हार्दिक ने रोहित को बाउंड्री लाइन पर भेजा था और बार-बार उनकी जगह बदल रहे थे। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हार्दिक की आलोचना की थी।