फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL: हैदराबाद-बेंगलुरु के मैच में बाउंड्री से बने 400 रन, तोड़ा द. अफ्रीका-वेस्टइंडीज के बीच मैच का रिकॉर्ड

Tue, 16 Apr 2024 06:18 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हैदराबाद और आरसीबी के बीच मैच में कुल 81 बाउंड्री लगी जिसमें 43 चौके और 38 छक्के शामिल रहे। यह टी20 इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बाउंड्री लगने का रिकॉर्ड है।
विज्ञापन
हेड और कार्तिक - फोटो : IPL
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच सोमवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया आईपीएल 2024 का मुकाबला रिकॉर्ड की झड़ी लगाने वाला रहा। इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड के शतक और हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 287 रनों का स्कोर खड़ा किया था। यह आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर था। जवाब में आरसीबी ने भी धुआंधार बल्लेबाजी की, लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा था कि टीम 25 रन पीछे रह गई। आरसीबी 20 ओवर में सात विकेट पर 262 रन ही बना सकी। इस मैच में कुल 549 रन बने जिसमें से 400 रन सिर्फ बाउंड्री से निकले जो एक रिकॉर्ड है।  
विज्ञापन

टी20 मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगने का रिकॉर्ड
हैदराबाद और आरसीबी के बीच मैच में कुल 81 बाउंड्री लगी जिसमें 43 चौके और 38 छक्के शामिल रहे। यह टी20 इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बाउंड्री लगने का रिकॉर्ड है। पिछले साल सेंचुरियन में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में भी 81 बाउंड्री लगी थी जिसमें 46 चौके और 35 छक्के शामिल थे। 

मैच में बने कुल 549 रन
आरसीबी और हैदराबाद के बीच इस मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कुल 549 रन बने जो एक रिकॉर्ड है। इससे पहले किसी भी टी20 मैच में दोनों पारियां मिलाकर इतने रन नहीं बने हैं। इससे पहले भी आईपीएल के इसी सीजन में हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच में दोनों पारियां मिलाकर 523 रन बने थे जो टी20 इतिहास में सर्वाधिक थे, लेकिन आरसीबी और हैदराबाद के बीच मैच में यह रिकॉर्ड भी टूट गया। 

टी20 में कभी बाउंड्री से नहीं बने है इतने रन
हैदराबाद और आरसीबी के मैच में जितने रन बाउंड्री से बने उतने टी20 इतिहास में कभी नहीं बने। इससे पहले पिछले साल वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले हए टी20 में बाउंड्री से 394 रन बने थे जो सर्वाधिक थे। वहीं, पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान और क्वेटा गालियर्स के बीच मैच में बाउंड्री से 378 रन निकले थे। इसके अलावा कैरेबियाई प्रीमियर लीग में जमैका तलावाहस और त्रिबागो नाइट राइडर्स के बीच 2019 में खेले गए मैच में बाउंड्री से 362 रन बने थे। 

टी20 में बाउंड्री से बने सर्वाधिक रन
रन मैच वर्ष टूर्नामेंट
400 हैदराबाद बनाम बेंगलुरु 2024 आईपीएल
394  द. अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज 2023 टी20 अंतरराष्ट्रीय
378 मुल्तान सुल्तान बनाम क्वेटा गालियर्स 2023 पीएसएल
362 जमैका तलावाहस बनाम त्रिबागो नाइट राइडर्स 2019 सीपीएल
विज्ञापन

सनराइजर्स हैदराबाद ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने आईपीएल के इसी सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277 रन बनाए थे जो आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर था, लेकिन इस मैच के कुछ ही दिन बाद उसने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। आईपीएल के मौजूदा सीजन में यह दूसरी बार था जब हैदराबाद ने इतने अधिक रन बनाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें