पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मैच में कमेंट्री के दौरान बैंगलुरु के खिलाड़ी यश दयाल की तुलना कचरे से करने पर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग कार्तिक के इस बयान को लेकर काफी गुस्से में हैं और उनकी आलोचना कर रहे हैं। आरसीबी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल 2024 में अपनी पहली जीत दर्ज की थी।
क्या था कार्तिक का पूरा बयान?
मशहूर कमेंटेटर कार्तिक ने मैच के दौरान यश दयाल की चर्चा की। यश के लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था। यश पहले गुजरात टाइटंस के लिए खेलते थे और पिछले सीजन गुजरात और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच में कोलकाता के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने यश के ओवर में पांच छक्के जड़े थे। यश के इस महंगे ओवर के कारण ही गुजरात केकेआर के खिलाफ जीता हुआ मुकाबला हार गया था। इस मैच ने जहां रिंकू को रातों-रात हीरो बना दिया, वहीं यश अपनी टीम के लिए विलेन बनकर उभरे थे। गुजरात ने इस सीजन यश को रिलीज कर दिया था, लेकिन आरसीबी ने इस गेंदबाज को नीलामी में पांच करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बारे में ही कार्तिक कमेंट्री के दौरान बात कर रहे थे और बोलते-बोलते शब्द की मर्यादा भूल गए। कार्तिक ने कहा, किसी का कचरा, किसी का खजाना।
आरसीबी ने किया यश दयाल का समर्थन
मुरली कार्तिक के बयान के बाद इस मामले पर अब आरसीबी का भी जवाब आया है। आरसीबी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यश दयाल की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, वह खजाना है। पीरियड। माना जा रहा है कि आरसीबी ने अपने इस पोस्ट से मुरली कार्तिक को जवाब दिया है। इस विवाद के बाद अबतक कार्तिक का कोई बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने कार्तिक को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है।