आईपीएल 2024 की शुरुआत होने में अब 24 घंटे से कम का समय शेष रह गया है। सभी टीमें करीब दो महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 2008 की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स को हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले झटका लगा है। उसके ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जांपा अंतिम वक्त पर इस आईपीएल से हट गए हैं। जांपा को राजस्थान ने पिछले साल हुई आईपीएल की नीलामी में 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था।
व्यस्त शेड्यूल के कारण लिया फैसला
ईएसपीएन क्रिकेइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, जांपा के मैनेजर ने इस बात की पुष्टि की है कि जांपा ने यह निर्णय ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए लिया है। दाएं हाथ का यह स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के साथ राजस्थान की टीम में स्पिन आक्रमण का जिम्मा संभालता है। जांपा ने पिछले साल राजस्थान के लिए छह मैच खेले थे और आठ विकेट हासिल किए थे। चेन्नई सुपर किंग्स के दौरान उन्होंने 22 रन पर तीन विकेट झटके थे।
जांपा का जाना राजस्थान के लिए झटका
जांपा के टीम में नहीं होने से राजस्थान को बड़ा झटका लगा है क्योंकि टीम में पहले से ही तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा मौजूद नहीं है। प्रसिद्ध सर्जरी के कारण इस साल आईपीएल में नहीं खेल पाएंगे।
प्रसिद्ध कृष्णा भी हुए बाहर
जंपा के अलावा टीम को प्रसिद्ध कृष्णा भी आगामी टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुके हैं। भारतीय गेंदबाज क्वाड्रिसेप्स सर्जरी के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने हाल ही में उनकी हेल्थ पर अपडेट देते हुए बताया था कि फिलहाल कृष्णा नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में हैं और रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
लखनऊ से होना है पहला मुकाबला
संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान टीम आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ मैच से अपने सीजन की शुरुआत करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जयपुर में 24 मार्च को खेला जाएगा। इसके बाद टीम 28 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खेलेगी।