फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2024: अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है RCB, बाकी टीमों के अंतिम-4 में पहुंचने का क्या है समीकरण, यहां जानें

Sun, 21 Apr 2024 10:07 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

जिस तरह की टक्कर इस सीजन टीमों के बीच देखने को मिली है, वह पिछले किसी भी सीजन से शानदार है। जहां इस सीजन कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स टूट गए, तो वहीं सनराइजर्स ने आईपीएल के तीन सर्वोच्च स्कोर बना दिए। आइए जानते हैं किस टीम के प्लेऑफ में पहुंचने का क्या समीकरण है...
विज्ञापन
आईपीएल 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2024 में पहले हाफ का खेल समाप्त हो चुका है। लीग राउंड में 70 में से 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। जहां ज्यादातर टीमों ने सात-सात मैच खेल लिए हैं, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने छह और दिल्ली कैपिटल्स ने आठ मैच खेले हैं। इसके अलावा बाकी टीमों के खाते में अब तक सात-सात मैच आए हैं। फिलहाल अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स की टीम 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है। शनिवार को दिल्ली पर सनराइजर्स हैदराबाद की जीत ने उन्हें अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया। सनराइजर्स के सात मैचों के बाद 10 अंक हैं।
विज्ञापन


कोलकाता, चेन्नई और लखनऊ के आठ-आठ अंक हैं। वहीं, मुंबई, दिल्ली और गुजरात के छह-छह अंक हैं। पंजाब किंग्स के चार और रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ सबसे नीच यानी 10वें स्थान पर है। हालांकि, उनके पास अभी भी प्लेऑफ यानी अंतिम चार में पहुंचने का रास्ता खुला हुआ है। प्लेऑफ में पहुंचने की जंग अब रोमांचक हो चली है। जिस तरह की टक्कर इस सीजन टीमों के बीच देखने को मिली है, वह पिछले किसी भी सीजन से शानदार है। जहां इस सीजन कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स टूट गए, तो वहीं सनराइजर्स ने आईपीएल के तीन सर्वोच्च स्कोर बना दिए। आइए जानते हैं किस टीम के प्लेऑफ में पहुंचने का क्या समीकरण है...

विराट कोहली, जोस बटलर और धोनी - फोटो : IPL/BCCI
पहले जानते हैं कि मौजूदा अंक तालिका का हाल क्या है...


अब इसकी तुलना पिछले सीजन यानी आईपीएल 2023 के पहले हाफ के बाद की अंक तालिका से करते हैं...

पहले हाफ के बाद आईपीएल 2023 पॉइंट्स टेबल कुछ इस प्रकार था
टीमें मैच जीत हार अंक नेट रन रेट
चेन्नई सुपर किंग्स 7 5 2 10 +0.66
गुजरात टाइटंस 7 5 2 10 +0.58
राजस्थान रॉयल्स 7 4 3 8 +0.84
लखनऊ सुपर जाएंट्स 7 4 3 8 +0.54
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 4 3 8 -0.01
पंजाब किंग्स 7 4 3 8 -0.16
मुंबई इंडियंस 7 3 4 6 -0.62
कोलकाता नाइट राइडर्स 7 2 5 4 -0.18
सनराइजर्स हैदराबाद 7 2 5 4 -0.79
दिल्ली कैपिटल्स 7 2 5 4 -1.72

जब-जब आठ या इससे ज्यादा टीमों के बीच आईपीएल खेली गई है, तब-तब 16 अंकों को प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने का बेस माना गया है। हालांकि, कभी कभी इतने अंक लाने से भी टीमें क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं। जिस तरह की स्थिति इस सीजन है, 16 अंक भी कम पड़ सकते हैं और इसके बाद नेट रन रेट का खेल हो सकता है। हालांकि, हम आपको 16 अंक को क्वालिफिकेश के लिए बेस मानते हुए समीकरण बता रहे हैं। अब जानते हैं कि किस टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए क्या करना है...

1. राजस्थान रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स - फोटो : IPL
राजस्थन की टीम फिलहाल प्लेऑफ में पहुंचने की सबसे मजबूत दावेदार है। उसके सात मैचों में 12 अंक हैं। टीम को अपने बाकी बचे सात मैचों में से कम से कम दो मैच जीतने हैं। इससे ऊपर मैच जीतने पर टीम का प्लेऑफ में जाना निश्चित है। हालांकि, यह टीम शीर्ष दो स्थान के लिए लड़ती दिखेगी, क्योंकि शीर्ष पर रहने वाली टीमों को काफी फायदा होता है।

2. सनराइजर्स हैदराबाद

सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : IPL
हैदराबाद की टीम इस सीजन निडर होकर खेल रही है। पैट कमिंस की अगुआई में सनराइजर्स ने तूफानी प्रदर्शन किया है और 250 रन उनके लिए मजाक बन गया है। इस सीजन तीन बार इस टीम ने 250 का आंकड़ा पार किया है। टीम 10 अंक लेकर मजबूत स्थिति में है। उसने इस सीजन कोलकाता और गुजरात को छोड़कर बाकी सभी टीमों के खिलाफ मैच जीते हैं। अब सनराइजर्स को बाकी बचे सात में से कम से कम तीन मैच जीतने की जरूरत है। टीम का नेट रन रेट भी शानदार है। 

3. कोलकाता नाइट राइडर्स

कोलकाता नाइट राइडर्स - फोटो : IPL
कोलकाता की टीम ने अब तक छह में से चार मैच जीते हैं और दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के आठ अंक हैं, वहीं नेट रन रेट बाकी टीमों की तुलना में सबसे बेहतर है। उन्हें बाकी बचे आठ में से कम से कम चार मैच जीतने की जरूरत है। टीम के अगले तीन मैच भी बेंगलुरु, पंजाब और दिल्ली के खिलाफ हैं। बेंगलुरु और पंजाब के खिलाफ तो उन्हें अपने होम ग्राउंड ईडन गार्डेन्स पर खेलना है। ऐसे में टीम के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के काफी चांसेस दिख रहे हैं।

4. चेन्नई सुपर किंग्स

चेन्नई सुपर किंग्स - फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और दो में से दो मैच जीते था। हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में टीम थोड़ी सी बेपटरी हुई। चेन्नई फिलहाल चौथे  स्थान पर है। उसके सात मैचों के बाद चार जीत के साथ आठ अंक हैं। पिछले सीजन पहले हाफ के बाद टीम पांच जीत के साथ शीर्ष पर थी। उन्हें अब इस सीजन कुछ बड़े मैच जीतने होंगे। सीएसके को अपने बाकी बचे सात मैचों में से कम से कम चार मैच जीतने की जरूरत है।

5. लखनऊ सुपर जाएंट्स

लखनऊ सुपर जाएंट्स - फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई की तरह लखनऊ के भी आठ अंक हैं। दोनों टीमों का अगला मुकाबला एक दूसरे के खिलाफ ही है। ऐसे में जो भी टीम जीतेगी, वह प्लेऑफ की ओर एक कदम आगे बढ़ाएगी। लखनऊ को भी अपने बाकी बचे सात में से कम से कम चार मैचों में जीत की जरूरत है। 

6. मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL
टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार तीन मैच हारने वाली मुंबई इंडियंस के लिए अब तक इस सीजन में काफी परेशानियां रही हैं। इस टीम का सात मैचों के बाद तीन जीत और चार हार के साथ छह अंक हैं। टीम को अगर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करना है तो उसे अपने बाकी बचे सात में से कम से कम पांच मैच जीतने होंगे। हालांकि, यह आसान नहीं रहने वाला है क्योंकि उनके अगले सात में से चार मैच मुंबई से बाहर हैं। 

7. दिल्ली कैपिटल्स

दिल्ली कैपिटल्स - फोटो : IPL
मुंबई की तरह दिल्ली के भी छह अंक हैं। टीम इस सीजन बेपटरी दिखी है। ऋषभ पंत की वापसी टीम के रास नहीं आई है और दिल्ली ने आठ में से पांच मैच गंवा दिए हैं। दिल्ली को अब बाकी बचे छह में से कम से कम पांच मैच जीतने होंगे। दिल्ली के अगले छह में से चार मैच उनके होम ग्राउंड पर हैं। पंत की टीम को कुछ शानदार प्रदर्शन करने होंगे।

8. गुजरात टाइटंस

गुजरात टाइटंस - फोटो : IPL
पिछले दो बार की फाइनलिस्ट गुजरात टाइटंस इस सीजन शुभमन गिल की कप्तानी में कुछ खास नहीं कर सकी है। टीम सात में से सिर्फ तीन मैच जीत सकी है। चार में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात के भी छह अंक हैं और उन्हें अपने बाकी बचे सात में से पांच मैच जीतने हैं। मुश्किल की बात यह है कि इन सात में से चार मैच उन्हें अपने घर से बाहर खेलने हैं।

9. पंजाब किंग्स

पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स - फोटो : IPL/BCCI
पंजाब ने सात में से सिर्फ दो मैच जीते हैं। शिखर धवन की अगुआई वाली टीम के लिए कुछ अच्छा नहीं रहा है। उसने न तो अपने घर में न तो दूसरों के घर में कुछ खास जीत मिली है। टीम ने पांच मैच गंवाए हैं और उनके चार अंक हैं। अब उन्हें बाकी बचे सात में से कम से कम पांच मैच जीतने होंगे। 

10. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - फोटो : IPL
आरसीबी जैसा कि उनके मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने बताया, यहां से हर खेल को नॉकआउट के रूप में लेने की जरूरत है। आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने अगले सातों मैच जीतने होंगे, ताकि उनके 16 अंक हो जाएं। यहां तक कि आरसीबी के लिए अगले 16 अंक भी पर्याप्त नहीं होंगे। इतने अंक पर दूसरी टीमों के साथ उनका पेंच फंस सकता है। ऐसे में नेट रन रेट का खेल हो सकता है। जब भी आईपीएल में आठ या अधिक टीमें (2011, 2012, 2013, 2022, 2023) खेली हैं प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए न्यूनतम 16 अंक रहे हैं। हालांकि, बेंगलुरु के लिए राह आसान नहीं होगी क्योंकि आगामी मैचों में उनका सामना चार पूर्व आईपीएल चैंपियन से होगा। आने वाले मैचों में आरसीबी के गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, रीस टॉप्ले, लोकी फर्ग्यूसन, वैशाख विजय कुमार, यश दयाल, अल्जारी जोसेफ और अन्य को प्रदर्शन करने की जरूरत है। विदेशी खिलाड़ियों को भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करने की जरूरत है।
विज्ञापन

यह भी हो सकता है

ऐसा भी हो सकता है कड़ी टक्कर के बीच कुछ टीम 14 अंक पर भी पहुंच जाए और वहां पेंच फंस जाए, लेकिन तब नेट रन रेट का भी काफी तगड़ा खेल होगा और सभी समान अंक वाली टीमों के बीच अच्छे नेट रन रेट वाली टीम क्वालिफाई करेगी। अगर ऐसा होता है तो यानी फैंस को काफी रोमांचक मैच देखने को मिल सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें