आईपीएल 2024 की शुरूआत में अब कुछ ही घंटों का समय बचा है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा फैसला लेते हुए एक घातक स्पिनर को टीम में एंट्री दी है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के घातक लेग स्पिनर एडम जांपा व्यस्त शेड्यूल की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने मुंबई के तनुश कोटियन को टीम में शामिल किया है।
25 वर्षीय गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में 10 मैचों में 29 विकेट झटके थे। मुंबई को 42वीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब जिताने में तनुश ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विदर्भ के खिलाफ पहली पारी में तीन विकेट और दूसरी पारी में चार विकेट झटके। पूरे सीजन में विस्फोटक प्रदर्शन करने वाले इस खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।
जांपा का प्रदर्शन
2008 की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स को हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले एडम जांपा के रूप में तगड़ा झटका लगा। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को राजस्थान ने पिछले साल हुई आईपीएल की नीलामी में 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, इस सीजन में व्यस्त शेड्यूल के चलते उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। जांपा ने पिछले साल राजस्थान के लिए छह मैच खेले थे और आठ विकेट हासिल किए थे।
विवादों में रहे तनुश कोटियन
आईपीएल 2024 की नीलामी के दौरान तनुश कोटियन अनसोल्ड रहे थे। इसका कारण उनका बॉलिंग एक्शन था जिसे संदिग्ध पाया गया था। इस वजह से फ्रेंचाइजियों ने उन्हें अपने स्क्वॉड का हिस्सा बनाने में रुचि कम दिखाई थी। इस पर कोटियन ने कहा, "पहले मैंने सोचा कि इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि ऐसा कुछ भी नहीं था (संदिग्ध एक्शन पर), लेकिन जैसे-जैसे नीलामी आगे बढ़ी, मुझे एहसास हुआ कि इससे मुझे आईपीएल में शामिल होने का मौका गंवाना पड़ सकता है। यह मेरे लिए निराशाजनक था।"