कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का अभियान आईपीएल 2024 सीजन में अबतक अच्छा चल रहा है और टीम ने चार में से एक ही मुकाबला गंवाया है, लेकिन टीम के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है और वह काफी महंगे साबित हो रहे हैं। हालांकि स्टार्क को टीम के मेंटर गौतम गंभीर का साथ मिला है। केकेआर का सामना अब रविवार को ईडन गार्डेंस में लखनऊ सुपरजाएंट्स से होगा। लखनऊ और केकेआर दोनों ने ही अपने पिछले मुकाबले गंवाए हैं और दोनों की नजरें इस मैच में वापसी पर टिकी होंगी।
'व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम की सफलता पर ध्यान'
केकेआर को अपनी कप्तानी में दो बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले और इस सीजन टीम के मेंटर बनकर आए गौतम गंभीर ने स्टार्क का समर्थन किया है। गंभीर ने लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले कहा कि टीम का ध्यान व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम की सफलता पर केंद्रित है। गंभीर ने कहा, खराब आंकड़े मायने नहीं रखते। टी20 क्रिकेट में गेंदबाज महंगे साबित होते ही हैं, लेकिन खास बात यह है कि टीम ने चार में से तीन मैच जीते हैं। इस खेल में टीम की जीत ज्यादा मायने रखती है। मैं किसी के व्यक्तिगत प्रदर्शन से खुश नहीं हो सकता क्योंकि अच्छा बुरा दिन खेल में आता ही है, लेकिन टीम का जीतना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
गंभीर ने कहा, हमारी टीम को पहले चार मैच में अच्छे परिणाम मिले, भले ही टीम ने पिछला मुकाबला गंवाया। हमें पता है कि स्टार्क क्या कर सकते हैं और उनकी क्षमता क्या है। चार मैच स्टार्क को बुरा या अच्छा गेंदबाज नहीं बनाते। व्यक्तिगत प्रदर्शन के बारे में बात करने की कोई वजह नहीं है। मेरा मानना है कि स्टार्क ने अच्छा खेल दिखाया और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह जल्द ही प्रभाव छोड़ेंगे क्योंकि इसलिए टीम में उनका चयन किया गया है।
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इस सीजन के लिए पिछले साल दुबई में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। स्टार्क ने पैट कमिंस को पीछे छोड़ा था। स्टार्क ने पिछले साल भारत में खेल गए वनडे विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि आईपीएल के मौजूदा सीजन में स्टार्क फिलहाल प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं और 77 की औसत से अबतक सिर्फ दो ही विकेट ले सके हैं।