कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज रमनदीप सिंह पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना ठोका है। उन पर यह कार्रवाई आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन की वजह से की गई। हालांकि, उनका अपराध क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। बोर्ड ने यह कदम कोलकाता और मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच के बाद उठाया।
रमनदीप सिंह
- फोटो : IPL
आईपीएल का बयान
आईपीएल की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि, "कोलकाता नाइट राइडर्स के रमनदीप सिंह पर 11 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2024 के 60वें मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। रमनदीप ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के तहत लेवल 1 का अपराध किया।"
रमनदीप सिंह
- फोटो : IPL
मुंबई के खिलाफ 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बनाए रन
इस बयान में आगे बताया गया है कि उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी है। मुंबई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे रमनदीप ने आठ गेंदों में 17 रन बनाए। इस नाबाद पारी के दौरान उन्होंने 212.50 के स्ट्राइक रेट से एक चौका और एक छक्का लगाया।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस
- फोटो : IPL
मैच का हाल
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस को बारिश से बाधित मुकाबले में 18 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम आईपीएल के मौजूदा सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। केकेआर ने मुंबई के सामने जीत के लिए 16 ओवर में 158 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन मुंबई की टीम निर्धारित 16 ओवर में आठ विकेट पर 139 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 40 रन ईशान किशन ने बनाए। केकेआर की ओर से वरुण, आंद्रे रसेल और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए।