महेंद्र सिंह धोनी और ऋतुराज गायकवाड़
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल के 17वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी करने जा रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच से पहले बड़ा बयान दिया है। ऋतुराज ने इस बात का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले साल ही धोनी ने उन्हें इस बात के संकेत दिए थे कि वे टीम की कप्तानी छोड़ सकते हैं। धोनी ने गुरुवार को सीएसके की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और टीम की कमान ऋतुराज को सौंप दी थी। धोनी ने एक बार फिर अपने फैसले से सभी को चौंकाया था। उनके इस फैसले से जहां फैंस निराश हुए तो, वहीं खेल के दिग्गज खिलाड़ियों ने धोनी को महान कप्तान बताते हुए उनके फैसले का समर्थन करने की अपील की।
'माही भाई ने कहा था तैयार रहना'
ऋतुराज ने कहा, पिछले साल ही माही भाई ने एक समय पर कप्तानी छोड़ने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि तैयार रहना। यह तुम्हारे के लिए आश्चचर्य करने वाला फैसला नहीं होगा। जब हम कैंप में थे तो धोनी मुझे कई बार मैच की रणनीतियों के बारे में होने वाली चर्चा में शामिल रखते थे। जब सोशल मीडिया पर नई भूमिका के बारे में जानकारी दी गई तो सभी हैरत में पड़ गए और मुझसे पूछने लगे, क्या तुम अगले कप्तान हो? मैं सोचने लगा कि शायद हां, ऐसा ही है। फिर लगा कि यह सोशल मीडिया के लिए हो सकता है। लेकिन वह आए और उन्होंने कहा कि मैंने फैसला ले लिया है। मैं यहीं रहूंगा।
पहले सीजन नहीं मिला था खेलने का मौका
ऋतुराज को सीएसके ने 2019 में उनके आधार मूल्य 20 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि उस सीजन वह एक भी मैच नहीं खेल सके थे। 2020 में उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उन्होंने तीन बार शून्य में आउट होकर सीजन की शुरुआत की थी। उस सीजन में ऋतुराज में कोविड की चपेट में भी आ गए थे। उन्होंने सीजन के अंत में वापसी की थी और लगातार तीन अर्धशतक जड़ने वाले पहले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने थे। इसके बाद से ही ऋतुराज सीएसके टीम का नियमित रूप से हिस्सा रहे। 2021 में ऋतुराज और फा डुप्लेसिस की जोड़ी ने जमकर धमाल मचाया और टीम को चौथा खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 16 मैचों में 635 रन बनाए और उन्हें ऑरेंज कैंप दी गई।
'नहीं पता था कि एक दिन टॉस पर मिलेंगे'
डुप्लेसिस और ऋतुराज को जोड़ी काफी हिट रही थी, लेकिन अब डुप्लेसिस चेन्नई टीम का हिस्सा नहीं हैं और वह आरसीबी की कप्तानी करते हैं। ऋतुराज ने कहा, मैं कप्तानों की मीटिंग में डुप्लेसिस से मिला और उनसे कहा कि कुछ साल पहले किसने सोचा था कि आप आरसीबी के लिए खेलते हुए टीम की कप्तानी करेंगे और दूसरी ओर मैं आपको टॉस के समय मिलूंगा। सीजन का शुरुआती मैच काफी रोमांचक होता है। मैं इसके लिए काफी उत्साहित हूं।