चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार पारी खेली। धोनी रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेले गए आईपीएल 2024 के मुकाबले के दौरान पुराने लय में नजर आए। धोनी इस सीजन पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन कर फैंस के अंदर गजब की ऊर्जा भर दी। हालांकि इसके बावजूद सीएसके को इस सीजन अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा।
धोनी ने खेली तूफानी पारी
आठवें नंबर पर उतरे धोनी ने 16 गेंदों का सामना किया और 37 रनों की तूफानी पारी खेली। धोनी ने पहली गेंद पर चौका लगाया और कुछ मजेदार शट खेले। कुल मिलाकर धोनी के बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। धोनी ने इस दौरान रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 51 रनों की साझेदारी की। अपनी पारी के दौरान 42 वर्षीय धोनी एक हाथ से छक्का जड़ा जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए। दिल्ली के खिलाफ धोनी जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे उसे देखकर लग रहा था कि हम 15 साल पहले के धोनी को देख रहे हैं। धोनी ने चेन्नई की पारी के 20वें ओवर की पहले गेंद पर दिल्ली के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे पर चौका जड़ा। इसकी अगली ही गेंद पर माही ने एक हाथ से छक्का लगाया। धोनी ने फिर चौथी गेंद पर चौका जड़ा और मैच की आखिरी गेंद भी छक्के के लिए भेजी। धोनी ने नॉर्त्जे के इस ओवर से 20 रन निकाले। हालांकि सीएसके को जीत नहीं दिला सके। धोनी से पहले दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने भी एक हाथ से छक्का मारा था।
धोनी ने अपनी पारी से बनाया नया कीर्तिमान
धोनी ने दिल्ली के खिलाफ खेली 16 गेंदों पर नाबाद 37 रन की पारी के दौरान एक नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया। धोनी टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया जिनके नाम 6962 रन हैं। अपनी तूफानी पारी की बदौलत धोनी के टी20 करियर में 7036 रन हो गए और वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और इंग्लैंड के जोस बटलर के बाद तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। डिकॉक ने अबतक इस प्रारूप में 8578 रन और बटलर के नाम 7721 रन हैं।