आईपीएल 2024 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह मैदान पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। पिछले सीजन की तरह वह आगामी टूर्नामेंट में भी दमदार प्रदर्शन करते नजर आ सकते हैं। इस बीच केकेआर ने एक वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर साझा किया है। इसमें रिंकू सिंह का मानवीय रूप देखने को मिला है।
आईपीएल 2023 में 26 वर्षीय खिलाड़ी का प्रदर्शन शानदार रहा था, जिसके बाद उनकी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई। इसी के दम पर उन्हें भारत की टी20 टीम में भी जगह मिली। 15 मुकाबलों में बतौर फिनिशर उन्होंने 356 रन बनाए। इसमें उनके नाम दो अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, उनका उच्चतम स्कोर 69* रन का रहा है।
रिंकू सिंह के छक्के से बच्चे के सिर पर लगी चोट
मैच प्रैक्टिस के दौरान रिंकू के बल्ले से एक बच्चा घायल हो गया। केकेआर के प्रैक्टिस कैंप में बल्लेबाजी कर रहे रिंकू ने जोरदार छक्का लगाया जिसके बाद गेंद सीधा एक बच्चे के सिर पर जाकर लगी। हालांकि, बच्चे को ज्यादा चोट नहीं आई। मैच के बाद रिंकू ने मासूम से मुलाकात की और उसे कोलकाता नाइट राइडर्स की टोपी भेंट की। इस घटना के दौरान केकेआर के बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर भी मौजूद थे। रिंकू के इस उदार रवैये ने फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने बच्चे को अपना ऑटोग्राफ भी दिया।
टी20 विश्व कप स्क्वॉड में मिल सकती है जगह
टी20 विश्व कप 2024 में रिंकू सिंह का चयन तय माना जा रहा है। इससे पहले उनके पास खुद को साबित करने का मौका आईपीएल में है। अगर वह आगामी टूर्नामेंट में एक बार फिर अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का दिल जीतने में कामयाब होते हैं तो निश्चित ही उन्हें टी20 विश्व कप स्क्वॉड में चुना जा सकता है। इस टूर्नामेंट का आगाज एक जून से होगा जबकि भारतीय टीम अपने अभियान की शुरूआत पांच जून से आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगी।