हाल ही में एक पॉडकास्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार इमाम-उल-हक ने दावा किया कि जब विराट कोहली का नवीन उल हक के साथ आईपीएल में झगड़ा हुआ था, तो उनके साथी आगा अली सलमान ने इंस्टाग्राम पर विराट को मैसेज किया था। इमाम ने कहा, 'लड़ाई बहुत वायरल हुई थी। झगड़े के बाद आगा अली सलमान ने विराट कोहली को इंस्टाग्राम पर मैसेज करते हुए कहा, 'कोहली बच्चे आराम से। क्या हो गया है?' यानी आगा सलमान ने कोहली को बच्चे कहकर पुकारा था। सलमान का डेब्यू हाल ही में हुआ है, जबकि कोहली का दिग्गजों में नाम आता है। ऐसे में सलमान का ऐसा कहना फैंस को पसंद नहीं आ रहा है।
इस घटना के बारे में बात करते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स को दिए एक इंटरव्यू में नवीन उल हक ने बताया कि कैसे विराट कोहली ने उनके बीच चीजों को सुलझाया। विश्व कप मैच के दौरान हुई बातचीत के बारे में बताते हुए सलमान ने कहा- 'कोहली ने मुझसे कहा कि चलो इसे खत्म करते हैं। मैंने कहा हां इसे यहीं खत्म करते हैं। इसलिए हम फिर एकदूसरे को देखकर हंसे। हम गले मिले और हम आगे बढ़ गए। कोहली ने फिर मुझसे कहा था कि अब इसके बाद फैंस द्वारा मेरे नाम से नहीं चिढ़ाए जाएंगे। या कुछ ऐसा नहीं सुनेंगे। आपको केवल भीड़ से समर्थन मिलेगा। मैंने हां (मुस्कुराते हुए) कहा और बॉलिंग पर वापस लौट गया।' इसके बाद विराट ने फैंस से नवीन को सपोर्ट करने और उनको चीयर करने का इशारा भी किया था।
नवीन ने कहा- मैं अपने टीम मेट के लिए खड़ा रहूंगा। यही कारण है कि हम एक टीम हैं। नवीन उल हक ने यह भी बताया कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को विश्व कप के दौरान भारत में जो समर्थन मिला, उससे उन्हें ऐसा लगा जैसे वे घर पर खेल रहे थे। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हमें हर मैच से समर्थन मिला है। भारत के खिलाफ दिल्ली में खेले गए सिर्फ एक मैच में हमें कोई समर्थन नहीं मिला (मुस्कुराते हुए)। इसके अलावा हमें हर मैच में घर जैसा एहसास होता है।' कोहली के कहने के बाद फैंस ने हर जगह नवीन उल हक का उत्साह बढ़ाया। नई दिल्ली में इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप मैच के दौरान फैंस ने नवीन को खूब चीयर किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि नवीन ने इंग्लैंड के जोस बटलर को आउट किया था तो फैंस ने उनका खूब हौसला बढ़ाया था। इस मैच में अफगानिस्तान ने गत चैंपियन के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी। अफगानिस्तान ने मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड को 69 रन से हराकर विश्व कप 2023 में अपना पहला मैच जीता था।