पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार को डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के हाथों 55 रन से हार का सामना करना पड़ा। 208 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 152 रन ही बना सकी। गुजरात में मौजूद अफगानिस्तान की स्पिन जोड़ी नूर अहमद ने 37 रन देकर तीन विकेट और राशिद खान ने 27 रन देकर दो विकेट लिए। इस सीजन कई मैचों में मुंबई की बल्लेबाजी फ्लॉप रही है और अब पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को फॉर्म में वापसी के लिए जरूरी सलाह दी है।
रोहित अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं
कैमरन ग्रीन और रोहित शर्मा
- फोटो : IPL/BCCI
रोहित ने गुजरात के खिलाफ आठ गेंदों में पर दो रन बनाए थे। गावस्कर का कहना है कि रोहित को समय निकालकर क्रिकेट से ब्रेक लेना चाहिए। गावस्कर ने सुझाव दिया कि रोहित को आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहिए। गावस्कर ने कहा है कि मुंबई के कप्तान पहले से थोड़ा ज्यादा व्यस्त दिख रहे हैं।
गावस्कर ने कहा- मैं मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव देखना चाहूंगा। ईमानदारी से मैं यह भी कहूंगा कि रोहित को भी कुछ समय के लिए ब्रेक लेना चाहिए और खुद को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए फिट रखना चाहिए। वह मुंबई के आखिरी कुछ मैचों के लिए फिर से वापस आ सकतें है, लेकिन अभी उन्हें खुद को थोड़ी राहत देनी चाहिए।
गावस्कर ने क्या सलाह दी?
सुनील गावस्कर
- फोटो : सोशल मीडिया
गावस्कर ने कहा- रोहित थोड़ा चिंतित दिख रहे हैं। हो सकता है कि इस स्तर पर वह डब्ल्यूटीसी फाइनल के बारे में सोच रहे हों। मुझे ज्यादा नहीं पता, लेकिन मुझे विश्वास है कि अब उन्हें थोड़ा ब्रेक की जरूरत है और आखिरी तीन या चार मैचों के लिए मुंबई की टीम में वापसी करें ताकि वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए लय में हों। रोहित ने आईपीएल के इस सीजन में अब सात मैचों में 25.86 की औसत और 135.07 के स्ट्राइक रेट से 181 रन बनाए हैं। इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है।
कोहली ने भी पिछले साल लिया था ब्रेक
भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पिछले साल खराब फॉर्म के बाद क्रिकेट से ब्रेक लिया था। कोहली ने कई बार मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात की थी और बताया था कि खराब फॉर्म के दौरान उनके साथ क्या गलत हुआ था। कोहली ने पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान बताया था- मैं निश्चित रूप से काफी हल्का महसूस कर रहा हूं। यह सिर्फ काम के बोझ को लेकर नहीं था, बल्कि अन्य चीजें भी हो रही थीं, जिसने मुझे उस स्थिति में धकेल दिया था।
कोहली ने ब्रेक को लेकर क्या कहा था?
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
कोहली ने कहा- मैंने क्रिकेट से ब्रेक के दौरान बहुत कुछ सीखा। मैं चीजों को बस एक दृष्टिकोण से देख रहा था। आप जुनून के साथ खेलते हैं, आप बहुत दिल से खेलते हैं, लेकिन बाहर की धारणा समान नहीं होती है। लोग इसका मूल्य नहीं समझ सकते हैं। भारत ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए अपनी टीम की घोषणा की थी, जिसमें अजिंक्य रहाणे की वापसी हुई थी। रहाणे इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए शानदार फॉर्म में हैं।
रहाणे की टीम में हुई वापसी
CSK के लिए बल्लेबाजी करते अजिंक्य रहाणे
- फोटो : IPL/BCCI
82 टेस्ट खेल चुके रहाणे पिछली बार सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत के लिए पिछले साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले थे। उसके बाद से खराब फॉर्म के कारण चयन के लिए उन पर विचार नहीं किया गया। इस साल बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी रहाणे को बाहर कर दिया गया था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल सात से 11 जून के बीच लंदन के ओवल मैदान में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मो. शमी, मो. सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।