दरअसल, मैच के दौरान दिल्ली की पारी के पांचवें ओवर में दीपक चाहर गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर ने कवर में शॉट लगाया। इसके बाद उन्होंने एक रन लिया। मोईन अली ने थ्रो किया जो रहाणे के पास पहुंची। वॉर्नर ने दूसरे बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट से दूसरे रन की मांग की और वह आगे बढ़ गए, लेकिन फिर रहाणे के हाथ में गेंद को देखकर क्रीज से थोड़ा आगे रुक गए। रहाणे ने थोड़ा रुककर थ्रो किया जिसे जडेजा ने रोका।
वॉर्नर ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर फिर क्रीज से निकलने की कोशिश की। जडेजा ने भी गेंद पकड़कर थ्रो करने का स्टाइल किया। इस पर वॉर्नर ने मजेदार जवाब दिया। उन्होंने जडेजा को चिढ़ाने के लिए जडेजा स्टाइल में बल्ले से 'तलवारबाजी' की। जडेजा शतक या अर्धशतक लगाने के बाद इसी तरह से बल्ले से जश्न मनाते हैं। इस पर जडेजा हंसने लगे और फिर दूसरी तरफ घूम गए। वॉर्नर और सॉल्ट समेत सभी खिलाड़ी भी मुस्कुराने लगे। इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और लोग वॉर्नर के प्रजेंस ऑफ माइंड की खूब तारीफ कर रहे हैं।
अब वॉर्नर ने भी इस वीडियो को शेयर किया और फैंस से पूछा- कौन बेहतर (तलवारबाजी वाला सेलिब्रेशन) करता है? इसके साथ ही उन्होंने दो हंसने वाले इमोजी भी लगाए हैं। उनके इस पोस्ट को छह लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। इस सीजन के अपने आखिरी लीग राउंड के मैच में वॉर्नर ने 86 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। दिल्ली की टीम अंक तालिका में फिलहाल नौवें स्थान पर है।