फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2023: क्या भारत को मिला नया 'धोनी'? आईपीएल में चेज मास्टर बने रिंकू सिंह, अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता

Sun, 21 May 2023 11:02 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रिंकू ने इस साल अपनी मैच फिनिशिंग स्किल से सिर्फ भारत ही नहीं देश-विदेश के क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी खूब प्रभावित किया है। उन्हें उनकी मैच फिनिशिंग क्षमता के लिए भारतीय क्रिकेट का नया 'महेंद्र सिंह धोनी' भी कहा जा रहा है।
विज्ञापन
रिंकू सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। टीम का प्रदर्शन इस साल मिलाजुला रहा। उसने 14 में से छह मैच जीते और आठ में टीम को हार का सामना करना पड़ा। शनिवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता को एक रन से हराया। हालांकि, एक वक्त ऐसा आया था, जब रिंकू सिंह ने लखनऊ की हालत खराब कर दी थी। आखिरी दो ओवर में कोलकाता को जीत के लिए 41 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर में रिंकू ने नवीन उल हक की गेंद पर तीन चौके और एक छक्का जड़ा और 20 रन बटोरे।
विज्ञापन

रिंकू ने इस साल कुछ अद्भुत पारियां खेलीं

आखिरी ओवर में कोलकाता को जीत के लिए 21 रन की जरूरत थी। पहली गेंद पर वैभव अरोड़ा ने एक रन लिया। इसके बाद अगली दो गेंदों पर कोई रन नहीं आया। आखिरी तीन गेंदों पर कोलकाता को जीत के लिए तीन छक्के चाहिए थे। चौथी गेंद पर रिंकू ने छक्का लगाया। फिर पांचवीं गेंद पर चौका लगाया और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच खत्म किया।

इस तरह केकेआर की टीम ने हार के साथ इस सीजन के अभियान को समाप्त किया। हालांकि, उन्हें रिंकू सिंह के रूप में नया स्टार और नया मैच फिनिशर जरूर मिल गया है। रिंकू ने इस साल अपनी मैच फिनिशिंग स्किल से सिर्फ भारत ही नहीं देश-विदेश के क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी खूब प्रभावित किया है।



रिंकू को उनकी मैच फिनिशिंग क्षमता के लिए भारतीय क्रिकेट का नया 'महेंद्र सिंह धोनी' भी कहा जा रहा है। 25 साल के रिंकू को केकेआर ने 55 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन वह कई करोड़पति खिलाड़ियों से भी बेहतर खेल रहे हैं।

रिंकू का इस सीजन आईपीएल में प्रदर्शन

पिछले कुछ सीजन तक ज्यादातर मैचों में बेंच पर बैठने वाले रिंकू को इस साल नए कप्तान नीतीश राणा ने मौका दिया और उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका। रिंकू अपने दम पर कई मैचों में कोलकाता को जीत की दहलीज तक पहुंचाया, वहीं कई मैचों में जीत भी दिलाई। उन्होंने इस सीजन 14 मैचों में 59.25 की औसत और 149.52 के स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए। इसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 31 चौके और 29 छक्के शामिल हैं। 

रन चेज करते हुए रिंकू का प्रदर्शन

रिंकू सिंह का आईपीएल के हर सीजन में प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
रन चेज करते हुए रिंकू ने इस सीजन सात पारियां खेली हैं। इस दौरान उन्होंने 152.50 की औसत और 174.28 के स्ट्राइक रेट से 305 रन बनाए हैं। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 67 रन का रहा है। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और 22 छक्के लगाए हैं। इस सीजन रन चेज करते हुए रिंकू से बेहतर औसत किसी का नहीं रहा है। इतना ही नहीं अगले सीजन श्रेयस की वापसी के बाद टीम की स्थिति और मजबूत हो सकती है। रिंकू के आगे आंद्रे रसेल की चमक भी फीकी पड़ गई, जो इस सीजन बिल्कुल नहीं चले। रिंकू के रूप में टीम को मैच फिनिशर के रूप में रसेल का रिप्लेसमेंट भी मिल गया है। 


 

घरेलू क्रिकेट में भी रिंकू ने खूब रन बनाए

रिंकू 2018 से आईपीएल खेल रहे हैं, लेकिन यह पहला सीजन है जब वह सभी 14 मैच खेले हैं। 2018 से वह कोलकाता की टीम में ही हैं। रिंकू न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी, बल्कि शानदार फील्डिंग के लिए भी जाने जाते हैं। 2018 में रिंकू ने चार मैच खेले थे और 29 रन बनाए थे, जबकि 2019 में उन्हें पांच मैच खेलने का मौका मिला और 37 रन बनाए। 2020 में रिंकू सिर्फ एक मैच खेले और 11 रन बनाए। 2021 में रिंकू को कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला, जबकि 2022 में उन्होंने सात मैचों में 34.80 की औसत और 148.72 के स्ट्राइक रेट से 174 रन बनाए।

रिंकू ने न सिर्फ आईपीएल में बल्कि, घरेलू क्रिकेट में भी खूब रन बनाए हैं। उनके पिछले कुछ घरेलू सीजन काफी शानदार रहे हैं। रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन रिंकू ने सात मैचों में 73.67 की औसत से 442 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक जड़े। रिंकू ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 40 मैचों में 59.89 की औसत और 70.88 के स्ट्राइक रेट से 2875 रन बनाए हैं। इनमें सात शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा वह लिस्ट-ए क्रिकेट में 50 मैचों में 53 की औसत और 95.15 के स्ट्राइक रेट से 1749 रन बना चुके हैं। सभी तरह के टी20 क्रिकेट मिलाकर रिंकू ने 89 मैचों में 30.48 की औसत और 140.87 के स्ट्राइक रेट से 1768 रन बनाए हैं। 

रवि शास्त्री ने रिंकू को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग की

सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, इरफान पठान और सुरेश रैना समेत कई बड़े क्रिकेटर्स रिंकू को भारत की टी20 टीम में शामिल करने की मांग कर चुके हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के मेंटर गौतम गंभीर ने शनिवार के मैच के बाद तो उन्हें असाधारण खिलाड़ी बताया था। ऐसे में इसमें कोई हैरानी नहीं होगी कि भारतीय टीम की अगली टी20 सीरीज में रिंकू खेलते हुए दिखें और मिशन 2024 टी20 वर्ल्ड कप का अहम हिस्सा बनें। रिंकू इसके अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। 
विज्ञापन

रिंकू की बल्लेबाजी की खासियत

रिंकू की बल्लेबाजी की खास बात यह है कि वह शुरू में खुद को सेटल करते हैं, इसके बाद जमकर शॉट्स खेलते हैं। वह किसी भी वक्त बैटिंग गियर शिफ्ट करने में माहिर हैं, साथ ही जरूरत पड़ने पर आराम से भी बैटिंग और स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं। उनके शॉट्स क्लीन होते हैं और गेंद सीधे बाउंड्री लाइन के पार गिरती है।



इस सीजन उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20वें ओवर में लगातार पांच छक्के जड़े थे और दुनिया को अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया था। चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच के बाद रिंकू धोनी और कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से टिप्स भी लेते दिखे थे। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि टीम इंडिया का यह नया सितारा कब भारतीय टीम को अपनी क्षमता से जीत दिलाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें