शनिवार को 44वां जन्मदिन मनाने वाले नेहरा ने गुजरात बनाम कोलकाता मैच से पहले टीम इंडिया के पुराने टीममेट मुरली कार्तिक को किक किया। उनके किक की वजह से मुरली जमीन पर गिर गए। इसके बाद मुरली कार्तिक उठे और उन्होंने नेहरा को किक किया। हालांकि, नेहरा बच निकले और वहां से दौड़ते हुए भाग गए। इस घटना को देखकर मैदान में मौजूद दूसरे खिलाड़ी भी हंसने लगे।
केकेआर बनाम गुजरात मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 39 गेंदों में पांच चौके और सात छक्के की मदद से 81 रन की पारी खेली। वहीं, आंद्रे रसेल ने 19 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 180 रन बनाए।
विजय शंकर ने 24 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के की मदद से 51 रन की पारी खेली। वहीं, शुभमन गिल ने 35 गेंदों में आठ चौके की मदद से 49 रन की पारी खेली। डेविड मिलर 18 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। आईपीएल की अंक तालिका में गुजरात की टीम शीर्ष पर है। उसके 12 अंक हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम दूसरे, लखनऊ सुपर जाएंट्स तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स चौथे स्थान पर है।