चहल ने रोहित के लिए पोस्ट करते हुए लिखा- पुरी दुनिया में मेरे सबसे प्यारे भाई को हैप्पी बर्थडे। मेरे गाइडिंग लाइट, मेरे सबसे अच्छे दोस्त और वह इंसान जो मुझे पुरी दुनिया में सबसे ज्यादा हंसाता है, उसे हैप्पी बर्थडे। हैप्पी बर्थडे रोहिता शर्मा...सीसी:- रितिका भाभी।
दरअसल, रोहित की पत्नी रितिका ने भी उनके लिए कुछ ऐसा ही पोस्ट किया था। रितिका ने रोहित और समायरा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा था- पूरी दुनिया में मेरे सबसे पसंदीदा लड़के को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मेरे गाइडिंग लाइट, मेरे सबसे अच्छे दोस्त, वह व्यक्ति जो मुझे दुनिया में किसी और से ज्यादा हंसाता है और मेरे ट्रैवल पार्टनर, हम आपसे बहुत प्यार करते हैं।
इसके बाद युजवेंद्र चहल ने इसी पोस्ट के शब्दों को एडिट कर शेयर कर दिया और रितिका पर चुटकी ली। चहल के इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए रितिका ने लिखा- आप मेरे पति को पहले ही चुरा चुके हैं, इसलिए आप अब मेरे कैप्शन को भी चुरा सकते हैं। इस कमेंट पर धनश्री ने भी रिएक्ट किया और खूब हंसने वाला इमोजी बनाया। रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू 2007 में किया था। पहले वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे, लेकिन 2013 चैंपियंस ट्रॉफी ने उनकी किस्मत बदल दी। उन्हें शिखर धवन के साथ ओपनिंग का मौका मिला और पांच मैचों में 35.40 की औसत से 177 रन बनाए।
रोहित वनडे में मौजूदा समय के सबसे विध्वंसक बल्लेबाजों में से एक हैं। अब तक उन्होंने 243 वनडे में 48.63 की औसत से 9825 रन हैं। उनके नाम 30 शतक और 48 अर्धशतक हैं। 264 रन वनडे में उनका बेस्ट स्कोर है। यह वनडे क्रिकेट में भी किसी बल्लेबाज का बेस्ट स्कोर है। रोहित वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले भी इकलौते बल्लेबाज हैं। रोहित वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 15वें नंबर पर हैं, वहीं, भारतीयों में वह छठे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा रन वनडे में महेंद्र सिंह धोनी (10,599 रन), राहुल द्रविड़ (10,768 रन), सौरव गांगुली (11,221 रन), विराट कोहली (12,898 रन) और सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) हैं।