लखनऊ सुपर जाएंट्स: वुड चोट की वजह से सीजन से बाहर हो गए हैं
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम इस साल पहली बार आईपीएल खेलती नजर आएगी। टीम का पहला मैच 28 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ है। हम आपको लखनऊ टीम का SWOT एनालिसिस करके बताएंगे। SWOT का मतलब है मजबूती (Strength), कमजोरी (Weakness), अवसर (Opportunity) और खतरे (Threat)। आइए जानते हैं कैसी है लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम...
मजबूती
लखनऊ सबसे अच्छी स्ट्रैट्जी के साथ नीलामी में उतरी थी। उन्होंने पर्स का बेहतरीन इस्तेमाल किया और खिलाड़ियों को खरीदने में कोई कोताहि नहीं बरती। फ्रेंचाइजी ने बैटिंग, बॉलिंग, विकेटकीपिंग और ऑलराउंडर्स चारों डिपार्टमेंट के सटीक खिलाड़ियों को खरीदा है और टीम संतुलित नजर आ रही है। लखनऊ की टीम में छह अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर मौजूद हैं।
केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ओपनिंग करते नजर आएंगे। वहीं, मिडिल ऑर्डर में मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या और दीपक हुड्डा मौजूद हैं। तेज गेंदबाजी की कमान मार्क वुड, जेसन होल्डर और आवेश खान के हाथों में होगी। रवि बिश्नोई और कृष्णप्पा गौतम स्पिन की बागडोर संभालेंगे।
कमजोरी
लखनऊ टीम ने सिर्फ सात विदेशी खिलाड़ियों को खरीदा और किसी के चोटिल होने पर बैकअप में ज्यादा खिलाड़ी मौजूद नहीं हैं। टीम 15वें सीजन में अपने पहले तीन मैच मार्कस स्टोइनिस, जेसन होल्डर जैसे अहम खिलाड़ियों के बिना खेलेगी, जो अंतरराष्ट्रीय मैचों में व्यस्त हैं। मार्क वुड का चोटिल होकर बाहर होना भी टीम के लिए झटका है। आईपीएल के शुरुआती मैचों से सिर्फ तीन विदेशी खिलाड़ी टीम से जुड़ेंगे। इसमें क्विंटन डिकॉक, दुष्मंथ चमीरा और एविन लुईस शामिल हैं।
स्पिन डिपार्टमेंट को टीम थोड़ा और मजबूत कर सकती थी। जब राहुल पंजाब किंग्स के कप्तान थे, तब भी टीम के पास रवि बिश्नोई के अलावा कोई स्पेशलिस्ट स्पिनर नहीं था। अब जब वे लखनऊ के कप्तान होंगे, तब भी टीम के पास रवि के अलावा कोई अच्छा स्पिनर नहीं है। इसकी कमी जरूर खल सकती है।
अवसर
जब सभी खिलाड़ी टीम को ज्वाइन कर लेंगे, तो यह एक मजबूत यूनिट हो जाएगी। कप्तान केएल राहुल पिछले चार-पांच आईपीएल से लीग के सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में रहे हैं। वह लगातार 500 से ज्यादा रन बना रहे हैं। इसके अलावा टीम का मध्यक्रम काफी मजबूत है।
अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर की मौजूदगी भी टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलित बनाती है। इसके अलावा टीम के पास गौतम गंभीर जैसा मेंटर मौजूद है, जो खुद दो आईपीएल जीत चुका है। इससे टीम को काफी फायदा होगा। अगर यह टीम आईपीएल जीत जाती है, तो इसमें कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी।
खतरा
केएल राहुल बतौर कप्तान अपनी टीम को प्रेरित नहीं कर पाए। पिछले दो सीजन पंजाब की कप्तानी करते हुए वह सहज नहीं दिखे थे। टीम 200 प्लस रन बना रही थी, फिर भी हार रही थी। ऐसे में राहुल को अपनी कैप्टेंसी स्किल को सुधारना होगा, वरना बतौर कप्तान उनका भविष्य अंधकार में पड़ सकता है।