आईपीएल के 30वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को रोमांचक मैच में सात रन से हरा दिया। सोमवार (18 अप्रैल) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कुल 40 ओवरों में 427 रन बने। कोलकाता की टीम 218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 210 रन ही बना सकी। उसके लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 85 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच के दौरान अय्यर दो बार गुस्से में दिखाई दिए।
पहले उनके गुस्से का शिकार वेंकटेश अय्यर हुए और फिर कोच ब्रैंडन मैकुलम। कोलकाता की पारी के 16वें ओवर में राजस्थान के ट्रेंट बोल्ट गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर वेंकटेश ने डीप बैकवर्ड प्वाइंट की ओर शॉट खेला। कप्तान श्रेयस दो रन लेना चाहते थे, लेकिन वेंकटेश ने उन्हें मना कर दिया। इस पर श्रेयस को गुस्सा आ गया। उन्होंने चिल्लाकर पिच पर ही वेंकटेश को डांट दिया।
इसके बाद 17वें ओवर की चौथी गेंद पर युजवेंद्र चहल ने श्रेयस अय्यर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। आउट होने के बाद जब अय्यर पवेलियन की ओर जा रहे थे तब डगआउट के बाहर कोच ब्रैंडन मैकुलम पर भड़क गए। दरअसल, अय्यर उनके बाद शिवम मावी को भेजे जाने से निराश थे। पैट कमिंस को रोककर मावी को भेजे जाने पर श्रेयस अय्यर अपने कोच पर भड़क गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अय्यर के आउट होने के बाद अगली गेंद पर मावी भी पवेलियन लौट गए। चहल की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में मावी बाउंड्री पर रियान पराग को उन्होंने कैच थमा दिया। उनके बाद क्रीज पर उतरे पैट कमिंस ने विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच दे दिया। चहल ने आईपीएल में अपनी पहली हैट्रिक ली। उन्होंने ओवर में चार विकेट लिए। पहली गेंद पर वेंकटेश अय्यर को आउट किया था।