कप्तान शेफाली वर्मा के 23 गेंदों पर 50 रन की बदौलत हरियाणा ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में पंजाब को तीन विकेट से हरा दिया। पंजाब ने हरमनप्रीत कौर के 38 गेंदों में नाबाद 64 रन की मदद से तीन विकेट पर 156 रन बनाए थे। हरियाणा ने चार गेंद शेष रहते सात विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
शेफाली ने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। सुमन गुलिया (31 रन) और मानसी जोशी (25*) ने भी उपयोगी योगदान दिया। पंजाब की ओर से हरमनप्रीत ने 38 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। इसके अलावा प्रगति सिंह (नाबाद 36) और कनिका आहूजा (22) ने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में मदद की थी।
दूसरी बार 23 गेंदों पर अर्धशतक : शेफाली वर्मा ने अपने ही रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। इससे पहले उन्होंने 2019 में टी20 में बर्मिंघम में फिनिक्स बनाम वेल्स मैच में 23 गेंदों पर अर्धशतक जमाया था। इसके अलावा प्रगति सिंह ने 32 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से नाबाद 36 रन की पारी खेली वहीं कनिका आहूजा ने 22 रन का योगदान दिया।
रेलवे ने हिमाचल को 64 रन से हराया
राजकोट में खेले गए दूसरे मैच में गत चैंपियन रेलवे ने हिमाचल प्रदेश को 64 रन से हराया। एस मेघना के 40 गेंद में 47 और स्वागतिका रथ के 44 गेंद में 69 रन की मदद से रेलवे ने चार विकेट पर 181 रन बनाए। नियमित कप्तान मिताली राज इस मैच में नहीं खेलीं उनकी जगह स्नेह राणा ने कप्तानी की। जवाब में हिमाचल की टीम 19.2 ओवर में 117 रन पर आउट हो गईं।