प्लेऑफ में आरसीबी और लखनऊ को हर मैच जीतना होगा तभी ये टीमें चैंपियन बन पाएंगी। वहीं, गुजरात और राजस्थान दो में से कोई एक क्वालीफायर जीतकर फाइनल मैच में जगह बना सकती हैं।
आईपीएल 2022 अपने अंतिम पड़ाव पर आ चुका है। लीग स्टेज का एक मैच बाकी है, लेकिन प्लेऑफ की स्थिति पहले ही तय हो चुकी है। गुजरात, राजस्थान, लखनऊ और बैंगलोर की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं। 24 मई से प्लेऑफ के मुकाबले शुरू हो रहे हैं और खिताबी जंग अब और भी मुश्किल होने वाली है। गुजरात और राजस्थान को पूरे सीजन में अच्छा प्रदर्शन करने का फायदा मिलेगा और इन टीमों के पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके हैं। वहीं, आरसीबी और लखनऊ को चैंपियन बनने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे। यहां हम बता रहे हैं कि प्लेऑफ का शेड्यूल क्या है और किसी टीम के चैंपियन बनने की राह कितनी मुश्किल है।
प्लेऑफ का शेड्यूल
पहला क्वालीफायर- गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स, 24 मई, ईडन गार्डन्स कोलकाता एलिमिनेटर- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, 25 मई, ईडन गार्डन्स कोलकाता दूसरा क्वालीफायर- एलिमिनेटर की विजेता बनाम पहले क्वालीफायर की विजित, 27 मई, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद फाइनल- पहले क्वालीफायर की विजेता बनाम दूसरे क्वालीफायर की विजेता, 29 मई, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
विज्ञापन
2 of 5
गुजरात टाइटंस
- फोटो : IPL/BCCI
गुजरात की राह सबसे आसान
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली गुजरात के लिए चैंपियन बनने की राह सबसे आसान है। गुजरात को पहले क्वालीफायर में राजस्थान से भिड़ना है। राजस्थान के खिलाफ गुजरात का रिकॉर्ड शानदार है। ये दोनों टीमें एक बार आपस में भिड़ी हैं और गुजरात ने यह मैच 37 रन के अंतर से अपने नाम किया था। गुजरात के पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके हैं। अगर यह टीम दो में से कोई भी एक मैच जीत लेती है तो फाइनल में जगह बनाएगी।
गुजरात को राजस्थान के अलावा लखनऊ या आरसीबी से भिड़ना पड़ सकता है। इन दोनों टीमों के खिलाफ भी गुजरात का रिकॉर्ड बेहतरीन है। लखनऊ के खिलाफ गुजरात ने दो मैच खेले हैं और दोनों मैच पांच विकेट और 62 रन के अंतर से जीते हैं। हालांकि, आरसीबी के खिलाफ गुजरात को थोड़ी परेशानी हो सकती है। इन दोनों टीमों के बीच भी दो मैच हुए हैं। पहला मैच गुजरात ने छह विकेट से जीता था, जबकि दूसरा मैच आरसीबी ने आठ विकेट से अपने नाम किया। आरसीबी के विराट कोहली ने दोनों मैच में अर्धशतक लगाया था। ऐसे में वो प्लेऑफ में भी बड़ी पारी खेलकर गुजरात के चैंपियन बनने का सपना तोड़ सकते हैं।
विज्ञापन
3 of 5
राजस्थान रॉयल्स
- फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान के लिए भी सफर आसान
अपना आखिरी मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल करने वाली राजस्थान की टीम के लिए भी प्लेऑफ की राह ज्यादा मुश्किल नहीं है। यह टीम पहले क्वालीफायर में गुजरात से भिड़ेगी। जीतने पर सीधे फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने पर आरसीबी या लखनऊ के खिलाफ खेलेगी। गुजरात के खिलाफ राजस्थान का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन आरसीबी या लखनऊ को हराना राजस्थान के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। इस सीजन आरसीबी और राजस्थान के बीच दो मैच हुए हैं, पहला मैच आरसीबी ने चार विकेट से जीता था, लेकिन दूसरा मैच राजस्थान ने 29 रन से अपने नाम किया।
लखनऊ और राजस्थान ने आपस में दो मैच खेले हैं और दोनों मैच राजस्थान के नाम रहे हैं। पहले मैच में राजस्थान तीन रन और दूसरे मैच में 24 रन से जीती थी। राजस्थान के पास भी फाइनल में पहुंचने के दो मौके हैं और यह टीम आसानी से फाइनल में जगह बना सकती है।
4 of 5
लखनऊ सुपर जाएंट्स
- फोटो : IPL/BCCI
लखनऊ के लिए राह मुश्किल
लखनऊ की टीम ने पूरे सीजन में अच्छा खेल दिखाया था, लेकिन अब इस टीम की राह मुश्किल हो गई है। लखनऊ को चैंपियन बनने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे। पहले उसे आरसीबी को हराना होगा फिर राजस्थान और गुजरात को भी मात देनी होगी। गुजरात और राजस्थान के खिलाफ लखनऊ का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। इस टीम ने गुजरात और राजस्थान के खिलाफ दोनों मैच गंवाए हैं। वहीं, आरसीबी के खिलाफ इस सीजन एक मैच खेला था और उसमें भी 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
चैंपियन बनने के लिए लखनऊ को कुछ ऐसा करना होगा, जो उसने अब तक नहीं किया। लखनऊ को आरसीबी, राजस्थान और गुजरात की टीमों को हराना होगा, जबकि यह टीम अब तक ऐसा नहीं कर पाई है। हालांकि, लखनऊ के लिए राहत की बात यह है कि इस सीजन यह टीम दो बार लगातार तीन या उससे ज्यादा मैच जीत चुकी है।
आरसीबी का सफर भी मुश्किल
लखनऊ की तरह आरसीबी के लिए भी चैंपियन बनने की राह आसान नहीं है। इस टीम को भी खिताब जीतने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे। पहले मैच में आरसीबी को लखनऊ को हराना होगा। दोनों टीमें आपस में एक बार भिड़ी हैं और यह मैच आरसीबी ने ही जीता था। ऐसे में पहला मैच आरसीबी के लिए आसान हो सकता है, लेकिन राजस्थान को पहले मैच में हराने वाली आरसीबी को दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा था। यहां आरसीबी को मुश्किल हो सकती है। गुजरात के साथ भी आरसीबी का रिकॉर्ड ऐसा ही है पहले मैच में हारने वाली आरसीबी ने दूसरे मैच में जीत हासिल की थी। ऐसे में आरसीबी के लिए भी प्लेऑफ की राह आसान नहीं होगी।