आईपीएल 2022 के नीलामी में गुजराज टाइटन्स ने अपने पहले खिलाड़ी के तौर पर मोहम्मद शमी को खरीदा है। पंजाब किंग्स के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले शमी को हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टीम ने 6.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। शमी को पंजाब ने 4.80 रुपये में खरीदा था। इस बार शमी को ज्यादा पैसे मिले हैं। पिछले साल उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 14 मैच में 19 विकेट झटके थे। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.50 का रहा था। वहीं उन्होंने 20.78 के औसत से विकेट निकाले थे।
आईपीएल की लाइव कवरेज के लिए यहां क्लिक करें...
क्या होते हैं मार्की खिलाड़ी ?
मार्की खिलाड़ी वह खिलाड़ी होते हैं, जिन पर ऑक्शन के दौरान सबसे पहले बोली लगाई जाती है। ये खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होते हैं और अधिकतर टीमें इन्हें खरीदना चाहती हैं। आमतौर पर ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बड़ा नाम बना चुके होते हैं। आमतौर पर मार्की खिलाड़ियों के ऊपर बड़ी बोली लगती है और नीलामी का सबसे महंगा खिलाड़ी भी इन्हीं में से कोई एक होता है।
आईपीएल में कैसा रहा है शमी का प्रदर्शन
77 आईपीएल मैचों में शमी ने 79 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 8.63 का रहा है। साथ ही उनका औसत 30.41 का रहा है। आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर तीन विकेट रहा है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में शमी हर 21वीं गेंद पर विकेट निकालते हैं। पिछले तीन सीजन में उन्होंने हर बार 20 के करीब विकेट निकाले हैं। 2019 से लेकर अब तक शमी 42 मैच में 58 विकेट ले चुके हैं। वो अक्सर अपनी टीम को शुरुआती सफलता दिलाते हैं।
आईपीएल में इन टीमों का हिस्सा रह चुके हैं शमी
कोलकाता नाइट राइडर्स
दिल्ली कैपिटल्स
पंजाब किंग्स