चेन्नई सुपरकिंग्स भारत की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी है। इसका खुलासा एक सर्वे में हुआ है। चेन्नई के 40.9 मिलियन (करीब चार करोड़) फैंस हैं। इनमें से 22.5 मिलियन (2.25 करोड़) फैंस टीम के प्रति प्रतिबद्ध हैं। मीडिया कंसल्टिंग फर्म ऑरमैक्स मीडिया ने एक रिसर्च किया है। उसने जुलाई से लेकर दिसंबर 2021 तक छह महीने में यह सर्वे पूरा किया है। इस दौरान 12 हजार से ज्यादा लोगों से उसने बात की।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 136.3 मिलियन (13.63 करोड़) लोग खेलों को पसंद करते हैं। टीवी या ओटीटी पर कम से कम 30 मिनट तक मैच देखने वाले लोगों को सक्रिय फैंस की श्रेणी में रखा गया है। क्रिकेट के सबसे ज्यादा 124.2 मिलियन (12.42 करोड़) फैंस हैं। दूसरे स्थान पर कबड्डी, तीसरे स्थान पर कुश्ती (WWE शामिल) और चौथे स्थान पर फुटबॉल है।
रिपोर्ट में कई फुटबॉल लीग के फैन के बारे में भी जानकारी दी गई है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी की पूर्व टीम बार्सिलोना एफसी इस मामले में पहले स्थान पर है। भारत में बार्सिलोना के करीब 40 लाख फैंस हैं। खिलाड़ियों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी टॉप-10 में शामिल हैं। टॉप-10 में सात क्रिकेटर, दो फुटबॉलर और एक बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू हैं।
भारत किस खिलाड़ी के कितने फीसदी फैन
| विराट कोहली |
24 |
| महेंद्र सिंह धोनी |
20 |
| सचिन तेंदुलकर |
8 |
| लियोनल मेसी |
6 |
| रोहित शर्मा |
6 |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो |
6 |
| पीवी सिंधू |
4 |
| राहुल द्रविड़ |
2 |
| केएल राहुल |
2 |
| एबी डिविलियर्स |
1 |
| सानिया मिर्जा |
1 |
| नीरज चोपड़ा |
1 |
व्यूअरशिप की बात करें तो टीवी और डिजिटल में आजकल प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है। भारत में 44 फीसदी फैंस टीवी पर लाइव मैच देखते हैं। 36 फीसदी फैंस टीवी और डिजिटल दोनों जगहों पर मैच देखते हैं। 20 फीसदी फैंस सिर्फ डिजिटल मीडिया पर लाइव देखते हैं।
भारत में सक्रिय खिलाड़ियों की संख्या 317.8 मिलियन (करीब 32 करोड़) है। इस लिस्ट में उन लोगों को शामिल किया है जो कम से कम एक आउटडोर खेल सक्रिय रूप से खेलते हैं। भारत में शीर्ष तीन खेल क्रिकेट, फुटबॉल और बैडमिंटन हैं। इसके बाद वॉलीबॉल और खो-खो का नंबर आता है।
भारत में खेलों के सक्रिय खिलाड़ी
| क्रिकेट |
23.6 करोड़ |
| फुटबॉल |
10.2 करोड़ |
| बैडमिंटन |
7.4 करोड़ |
| वॉलीबॉल |
5.6 करोड़ |
| कबड्डी |
4.4 करोड़ |
| एथलेटिक्स |
3 करोड़ |
| खो-खो |
1.9 करोड़ |