आईपीएल 2022 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। लीग का फाइनल मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच है। इस टूर्नामेंट में अब तक 73 मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन कोई सुपर ओवर नहीं हुआ है। अगर फाइनल मैच में भी सुपर ओवर नहीं होता है तो यह आईपीएल का छठा सीजन होगा, जिसमें कोई सुपर ओवर नहीं हुआ। इससे पहले 2008, 2011, 2012, 2016 और 2018 सीजन में भी कोई सुपर ओवर नहीं हुआ था। आईपीएल इतिहास में अब तक फाइनल में कभी सुपर ओवर नहीं हुआ है। इस बार भी फाइनल मैच में सुपर ओवर होने की संभावना बहुत कम है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा सुपर ओवर साल 2020 में हुए थे, जब चार मैचों का नतीजा सुपर ओवर के जरिए निकाला गया था। इस सीजन मुंबई और पंजाब के एक मैच में दो सुपर ओवर भी हुए थे। अंत में पंजाब ने यह मैच अपने नाम किया था।