इस साल मेगा ऑक्शन ने कई भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों को करोड़पति बना दिया। 2022 मेगा ऑक्शन में 204 खिलाड़ी बिके, जिसमें से 50 से ज्यादा खिलाड़ियों को टीमों ने करोड़ों रुपये में खरीदा। ऑक्शन के दौरान कुछ ऐसे खिलाड़ी भी थे, जिनके लिए फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली और 10 मिनट से ज्यादा बोली लगती रही। ऐसे खिलाड़ियों के लिए कोई भी फ्रेंचाइजी पीछे हटने को तैयार नहीं थी, लेकिन पर्स में कम राशि बचे होने के कारण ऐसा करना पड़ा।
आवेश खान पर लंबी चली थी बोली
2021 सीजन में 24 विकेट लेने वाले अनकैप्ड आवेश खान उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल हैं। आवेश पर सबसे ज्यादा कुल 62 बार बोलियां लगीं। कुल पांच टीमों ने उन पर बोली लगाई और 20 लाख बेस प्राइस वाले आवेश 10 करोड़ तक पहुंच गए।
उन्हें आखिर में लखनऊ ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा और वह 50 गुना कीमत पर बिके। आवेश कृष्णप्पा गौतम को पीछे छोड़ते हुए ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। गौतम को पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
ईशान किशन सबसे महंगे बिके
इसके अलावा इस साल ऑक्शन के सबसे महंगे ईशान किशन पर भी 55 बार बोली लगी। आखिर में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये देकर खरीदा। उनकी बेस प्राइस दो करोड़ रुपये थी और चार फ्रेंचाइजी उनको खरीदने के लिए बोली लगाती रही। पर मुंबई ने बाजी मारी और इस ओपनर को अपनी टीम से जोड़ लिया।
प्रीति जिंटा की टीम ने शाहरुख खान को खरीदा
इस मामले में तीसरे नंबर पर तमिलनाडु के ऑलराउंडर शाहरुख खान हैं। शाहरुख के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। शाहरुख के लिए बोली काफी देर तक लगती रही। उन पर करीब 54 बार बोलियां लगीं। चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच शाहरुख को खरीदने के लिए जंग थी। 40 लाख की बेस प्राइस वाले शाहरुख को पंजाब ने नौ करोड़ रुपये में खरीदा। राहुल तेवतिया और लियाम लिविंगस्टोन को लेकर भी फ्रेंचाइजियों के बीच टक्कर देखने को मिली।