इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में आज 31वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जा रहा है। यह मुकाबला आरसीबी के कप्तान विराट कोहली के लिए बेहद खास है। कोहली आज मैदान पर उतरते ही एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वे इस लीग में किसी एक फ्रेंचाइजी से 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, कुल मिलाकर 200 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में वे पांचवें नंबर पर हैं। यह बतौर कप्तान कोहली का 133वां आईपीएल मैच है।
विज्ञापन
आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारे में, जो क्रिकेट की इस सबसे बड़ी लीग में 200 या उससे अधिक मैच खेल चुके हैं।
महेंद्र सिंह धोनी
आईपीएल में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान माही इंडियन प्रीमियर लीग में 212 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4672 रन निकले हैं जिनमें 23 अर्धशतक शामिल हैं। धोनी हालांकि चेन्नई के अलावा एक और फ्रेंचाइजी से खेल चुके हैं। 2016 और 2017 में सीएसके के बैन होने के बाद वे राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स टीम से खेलेे थे।
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। वह अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार खिताब जिता चुके हैं। हिटमैन इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। रोहित ने 207 मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 5480 रन बनाए हैं। हिटमैन ने आईपीएल में एक शतक सहित 40 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित ने 200 मैच दो फ्रेंचाइजी से खेलते हुए पूरे किए हैं। वे मुंबई से पहले हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेल चुके हैं।
दिनेश कार्तिक
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में केकेआर के पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक तीसरे स्थान पर हैं। वह अब तक 203 मैच खेल चुके हैं। उनके नाम आईपीएल में 3946 रन दर्ज हैं जिनमें 19 अर्धशतक शामिल हैं। दिनेश कोलकाता से पहले दिल्ली, मुंबई और बैंगलोर फ्रेंचाइजी से भी खेल चुके हैं।
सुरेश रैना
चेन्नई सुपर किंग्स के धुआंधार ऑलराउंडर सुरेश रैना इंडियन प्रीमियर लीग में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथी पायदान पर हैं। उन्होंने 201 मैच खेले हैं जिनमें वह 5495 रन बनाने में सफल रहे। रैना के नाम आईपीएल में एक शतक सहित 25 अर्धशतक दर्ज हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी है। रैना के 200 मैच दो फ्रेंचाइजी से खेलते हुए आए हैं। 2016 और 2017 में सीएसके के बैन होने के बाद वे गुजराज लायंस से खेले थे।
इंडियन प्रीमियर लीग में विराट कोहली का प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली रहा है। आईपीएल इतिहास में वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली ने इस मैच से पहले 199 मैचों की 191 पारियों में 31 बार नॉट आउट रहते हुए 6076 रन बनाने में सफलता हासिल की है। इस दौरान उन्होंने 5 शतक समेत 40 अर्धशतक जड़े हैं। आईपीएल में उनका सर्वोच्च स्कोर 113 रन रहा।
बतौर कप्तान आरसीबी के लिए 132 मैच खेले कोहली
विराट ने आईपीएल में अब तक 132 मैचों में टीम की कमान संभाली है। इनमें से 60 में आरसीबी को जीत मिली। 65 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। तीन मैच टाई रहे और चार मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।