कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से आईपीएल 2020 का आयोजन यूएई में किया गया था। लेकिन अब भारत में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में इस बार लीग के 14वें सीजन का आयोजन देश में होना तय है। इसके लिए बीसीसीआई भी बायो बबल समेत तमाम तरह के सुरक्षा उपायों को अपना रही है।
भारत में घरेलू टूर्नामेंट की शुरुआत हो चुकी है और तमाम सुरक्षा उपायों के साथ इस वक्त दूसरी श्रृंखला खेली जा रही है। यही नहीं देश में इस वक्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का भी आयोजन हो रहा है। ऐसे में देश की चर्चित टी-20 लीग 'आईपीएल' का आयोजन भी भारत में होना तय है।
विज्ञापन
लीग के 14वें सीजन के लिए हाल ही में चेन्नई में नीलामी प्रक्रिया पूरी हो गई है और टूर्नामेंट के स्थान और शेड्यूल को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल टी-20 लीग के लिए स्थानों का चयन है। इससे पहले ऐसी खबरें थी कि आईपीएल के सभी मुकाबले महाराष्ट्र के चार स्टेडियमों में कराए जा सकते हैं। लेकिन राज्य में तेजी से कोविड-19 के मामलों ने बीसीसीआई की चिंताए बढ़ा दी हैं और उसे अपने दूसरे प्लान पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड नए प्लान के तहत देश के चार-पांच अलग स्थानों पर आईपीएल 2021 के मैचों का आयोजन करवा सकती है। अगर कोरोना की दूसरी लहार में तेजी बरकरार रहती है तो आयोजकों के लिए महाराष्ट्र में लीग का आयोजन कराना मुश्किल होगा। ऐसे में कोलकाता, बंगलूरू, चेन्नई और हैदराबाद को विकल्प के तौर पर देखा जा सकता है।
विज्ञापन
प्लान-बी के मुताबिक, लीग मुकाबले ऊपर के चार शहरों और नॉकआउट मुकाबले अहमदाबाद के नए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कराए जा सकते हैं। इसमें बीसीसीआई चयनित स्थानों को बायो बबल में बदल सकती है।
बता दें कि कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से आईपीएल का 13वां सीजन यूएई में खेला गया था। लेकिन अब जब स्थिति पहले से थोड़ी बेहतर हुई है और टीकाकरण भी शुरू हो चुका है तब ऐसे में लीग का आयोजन भारत में ही होगा। फिलहाल आईपीएल नए सीजन के लिए हाल ही में हुई नीलामी में टीमों ने 145 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर 57 खिलाड़ियों का चयन किया था।